गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव में बड़ा उलटफेर, तीन नामांकन वैध, एक खारिज
गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव में नामांकन जांच के बाद मुकाबला दिलचस्प हो गया है। प्रीति काकाणी, विंकल सिंघवी और रेखा हिरण मैदान में हैं।

गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन जांच के बाद मुकाबले की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। कांग्रेस की ओर से प्रीति काकाणी और भाजपा की ओर से विंकल सिंघवी का नामांकन वैध पाया गया है। वहीं कांग्रेस से बागी होकर नामांकन दाखिल करने वाली वार्ड 23 की पार्षद रेखा हिरण का निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भी वैध घोषित किया गया है।
नामांकन जांच के दौरान कांग्रेस पार्षद ललिता सांखला का नामांकन सिंबल के अभाव में खारिज कर दिया गया। इसके बाद अध्यक्ष पद की दावेदारी में प्रीति काकाणी और रेखा हिरण के बीच कांग्रेस खेमे की सियासत अहम मोड़ पर पहुंच गई है।
इधर कांग्रेस खेमे में नाराज चल रहे एक पार्षद के वापस लौटने से प्रीति काकाणी के पक्ष में फिलहाल स्थिति मजबूत होने की चर्चा है। हालांकि अध्यक्ष पद का गणित अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पार्षदों की संख्या और समर्थन को लेकर राजनीतिक हलचल लगातार जारी है।
रेखा हिरण के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में बने रहने से कांग्रेस के सामने अपने ही खेमे में पैदा हुई चुनौती को सुलझाने की जिम्मेदारी बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आलाकमान और स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने रेखा हिरण से सुलह के प्रयास तेज कर दिए हैं। पार्टी नेता चाहते हैं कि हिरण अपना नामांकन वापस लेकर कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में आएं।
अब सभी की नजर नामांकन वापसी की अंतिम प्रक्रिया पर टिकी है। यदि रेखा हिरण नामांकन वापस लेती हैं तो मुकाबले की तस्वीर अलग होगी, जबकि उनके मैदान में बने रहने पर अध्यक्ष पद का चुनाव कांग्रेस के लिए अंदरूनी मुकाबले के साथ-साथ संख्या बल की परीक्षा भी बन सकता है।
भाजपा की ओर से विंकल सिंघवी की दावेदारी कायम है। ऐसे में गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव अब कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान, पार्षदों के समर्थन और अंतिम समय में होने वाले सियासी समीकरणों पर केंद्रित हो गया है।

