गंगापुर-भीलवाड़ा। गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले सियासी घटनाक्रम लगातार बदल रहा है। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी प्रीति काकाणी और भाजपा की प्रत्याशी विंकल सिंघवी के बीच होने वाले मुकाबले से पहले कांग्रेस की महिला नेता एवं वार्ड नंबर 23 की पार्षद रेखा हिरण को लेकर दो बड़े घटनाक्रम सामने आए हैं। पहले प्रदेश महिला कांग्रेस ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पद से बर्खास्त किया और इसके बाद रेखा हिरण ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की बात कही। इस घटनाक्रम के बीच प्रशासन और पुलिस ने भी चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह की ओर से 19 सितंबर 2026 को जारी आदेश में रेखा हिरण को भीलवाड़ा शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से पदमुक्त किया गया। आदेश के अनुसार रेखा हिरण ने गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध पार्टी की अनुमति एवं निर्देश के बिना निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। प्रदेश महिला कांग्रेस ने इसे पार्टी के नियमों, अनुशासन एवं संगठनात्मक निर्देशों का उल्लंघन बताया। कार्रवाई के तहत उन्हें भीलवाड़ा शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के साथ संगठन से जुड़े अन्य पदों, दायित्वों एवं जिम्मेदारियों से भी तत्काल प्रभाव से मुक्त किया गया।

आदेश में स्पष्ट किया गया कि 19 सितंबर से रेखा हिरण कांग्रेस संगठन के किसी पद अथवा दायित्व का उपयोग नहीं करेंगी। आदेश की प्रतिलिपि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा भीलवाड़ा शहर कांग्रेस कमेटी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई।

इधर, कार्रवाई के बाद गंगापुर की राजनीति में एक और बड़ा मोड़ सामने आया। रेखा हिरण ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की बात कही। उन्होंने नामांकन वापस नहीं हो पाने के पीछे समय निकल जाने को कारण बताया। इसके साथ ही रेखा हिरण की ओर से कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामलाल जाट, नगर अध्यक्ष धीरज चंदेल और कांग्रेस की चेयरमैन पद की प्रत्याशी प्रीति काकाणी के पति लखन काकाणी के साथ फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की गई।

रेखा हिरण के इस रुख के बाद कांग्रेस खेमे में हलचल के बीच कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस खेमे की ओर से अब 15 पार्षदों के समर्थन का दावा किया जा रहा है। हालांकि अध्यक्ष पद के चुनाव में वास्तविक समर्थन की तस्वीर मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रीति काकाणी और भाजपा की ओर से विंकल सिंघवी मैदान में हैं। रेखा हिरण की निर्दलीय दावेदारी के चलते मुकाबला पहले से ही चर्चा में था। अब उनके कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने के बयान ने चुनाव से पहले सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाओं को और बढ़ा दिया है।

राजनीतिक हलचल के बीच प्रशासन ने भी चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। नगरपालिका कार्यालय के करीब 200 मीटर की परिधि में सभी प्रतिष्ठान पूर्णतया बंद रखने की व्यवस्था की गई है। वहीं पूजा लॉज की गली से शास्त्री पार्क की गली तक किसी भी तरह की गतिविधि पर पाबंदी रहेगी। अनावश्यक भीड़ और आवागमन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

बस स्टैंड पर रोडवेज और निजी बसों की आवाजाही जारी रहेगी, लेकिन यह पुलिस निगरानी के बीच होगी, ताकि आम यात्रियों को परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।

सुरक्षा तैयारियों को लेकर ASP सहाड़ा बुद्धराज खटीक, उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर, DSP सुदर्शन पालीवाल और थाना प्रभारी पुरण मल मीणा ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नगरपालिका कार्यालय के आसपास के क्षेत्र, प्रवेश एवं निकासी मार्ग, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया।

चुनाव को देखते हुए गंगापुर थाना पुलिस के साथ कारोई और रायपुर थाना पुलिस का अतिरिक्त पुलिस जाप्ता भी तैनात रहेगा। पुलिस एवं प्रशासन की टीम पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेगी।

गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव में अब सबसे ज्यादा नजर पार्षदों के अंतिम रुख पर टिकी है। एक तरफ कांग्रेस अपने खेमे में 15 पार्षदों के समर्थन का दावा कर रही है, वहीं भाजपा भी अपने प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने में लगी है। रेखा हिरण के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और उसके बाद उनके कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के बयान ने चुनाव से पहले राजनीतिक घटनाक्रम को और गरमा दिया है।

अब अध्यक्ष पद के मतदान के दौरान कौन सा पार्षद किस ओर जाता है और अंतिम समय तक समर्थन का गणित किस तरह सामने आता है, इस पर पूरे गंगापुर की नजरें टिकी हुई हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच होने वाला यह चुनाव राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रशासनिक तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बन गया है।

गंगापुर। कांग्रेस की बाड़ेबंदी में रेखा हिरण। फोटो दिनेश चौहान

Next Story