गंगापुर नगरपालिका चुनाव 2026 को लेकर खटीक समाज ने राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग तेज कर दी है। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस/कांग्रेस सेवादल के नगर एवं जिला नेतृत्व को ज्ञापन सौंपकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से 4-4 वार्डों में समाज के प्रत्याशियों को टिकट देने की मांग की।

ज्ञापन में खटीक समाज की ओर से कहा गया कि समाज लंबे समय से गंगापुर नगर के सामाजिक, शैक्षणिक, धार्मिक एवं जनसेवा के क्षेत्रों में सक्रिय और अग्रणी भूमिका निभाता आ रहा है। समाज के कार्यकर्ता दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के संगठनात्मक कार्यों और जनसेवा अभियानों में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ भागीदारी करते रहे हैं।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 में टिकट वितरण के दौरान स्थानीय सामाजिक समीकरणों के साथ समाज की आबादी और भागीदारी को भी ध्यान में रखते हुए उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने अपने-अपने वार्डों में मजबूत जनस्वीकार्यता रखने वाले ईमानदार, शिक्षित, कर्मठ और जनसेवी स्थानीय कार्यकर्ताओं को चुनावी अवसर देने की मांग की, ताकि नगर विकास के साथ संगठन को भी मजबूती मिल सके।

प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से समाज की इस न्यायोचित मांग पर गंभीरता से विचार करने तथा टिकट वितरण में खटीक समाज को 4-4 वार्डों से प्रत्याशी घोषित करने का आग्रह किया।

एडवोकेट जगदीश बुलीवाल ने बताया कि ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवरती दरवाजा और बारी दरवाजा, गंगापुर में निवासरत समाजबंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। नगर निकाय चुनाव 2026 से पहले खटीक समाज की ओर से दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के समक्ष 4-4 टिकटों की मांग रखे जाने से स्थानीय स्तर पर राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया है।

Next Story