गंगापुर नगरपालिका चुनाव महासंग्राम के बीच भाजपा ने सोहस्ती वाटिका में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर चुनावी ताकत का प्रदर्शन किया। सम्मेलन में शहर के सभी 25 वार्डों से भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन को मजबूत करने के साथ नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र देते हुए चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन के हित में एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने की अपील की।

गंगापुर नगरपालिका चुनाव प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अरविंद शर्मा ने कार्यकर्ताओं से नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ चुनावी रणनीति पर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने टिकट चयन को लेकर स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि पार्टी में जिताऊ और मजबूत उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। राजनीतिक हलकों में उनके इस बयान को टिकट के दावेदारों के लिए महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।

सम्मेलन के जरिए भाजपा ने 25 वार्डों में संगठन की सक्रियता परखने के साथ टिकट वितरण से पहले कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने का प्रयास भी किया। नगरपालिका चुनाव में भाजपा के सामने स्थानीय स्तर पर दावेदारों के बीच तालमेल बनाए रखने और टिकट नहीं मिलने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन के साथ जोड़े रखने की चुनौती रहेगी।

सम्मेलन में वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश महता, सुंदरलाल सिंघवी, पूर्व पालिका अध्यक्ष पूनम महता, ओमप्रकाश चंदेल, पूर्व अध्यक्ष संजय रुईया, विनोद लड्ढा, सुरेश तिवारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष दया सैनी, पूर्व पार्षद सुरेश सिंघवी, प्रभुलाल माली, मुकेश पूरी गोस्वामी, रामदेव रैगर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राजनीतिक दृष्टि से भाजपा का यह सम्मेलन आगामी नगरपालिका चुनाव के लिए शक्ति प्रदर्शन और चुनावी रणनीति की दिशा तय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। अब निगाहें टिकट वितरण पर टिकी हैं, जहां पार्टी के सामने जिताऊ चेहरों के चयन के साथ-साथ भीतर की गुटबाजी को साधने की चुनौती भी रहेगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story