गंगापुर नगरपालिका चुनाव: विधायक लादू लाल पितलिया ने शुरू किया प्रचार
भाजपा विधायक ने छह वार्डों में चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन कर कार्यकर्ताओं से जीत का आह्वान किया।

तस्वीर में विधायक लादू लाल पितलिया समर्थकों के बीच खड़े होकर बातचीत करते दिख रहे हैं।
गंगापुर-भीलवाड़ा। गंगापुर नगरपालिका चुनाव महासंग्राम में शनिवार शाम भाजपा ने जोरदार चुनावी शक्ति प्रदर्शन करते हुए प्रचार अभियान का शंखनाद किया। विधायक लादू लाल पितलिया ने पार्टी की चुनावी रणनीति को धार देते हुए वार्ड नंबर 4, 5, 14, 15, 18 और 23 में भाजपा उम्मीदवारों के चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन किया।
कार्यालय उद्घाटन के साथ विधायक पितलिया ने विभिन्न वार्डों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटने और भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आह्वान किया।
विधायक पितलिया के नेतृत्व में भाजपा का चुनावी अभियान अब वार्डों तक पहुंच गया है। कार्यालय उद्घाटन और नुक्कड़ सभाओं के जरिए पार्टी ने मतदाताओं के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश महता, सुंदर लाल सिंघवी, प्रकाश महता, सुरेश सिंघवी, अरविंद चौधरी, संजय रुईया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
गंगापुर नगरपालिका चुनाव में भाजपा के इस आक्रामक प्रचार अभियान के बाद चुनावी मुकाबला और भी रोचक होता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में दोनों प्रमुख दलों के बड़े नेताओं के वार्ड-वार दौरे और चुनावी सभाओं से सियासी पारा और चढ़ने की संभावना है।

