गंगापुर की सियासत में हाई एजुकेशन की दस्तक, CA-C.S.-M.Com. प्रीति काकाणी मैदान में
गंगापुर नगरपालिका चुनाव में उच्च शिक्षित युवा प्रीति काकाणी ने कांग्रेस से आवेदन किया। CA-C.S.-M.Com. योग्यता ने सियासी चर्चा बढ़ाई।

तस्वीर में प्रीति काकाणी अन्य समर्थकों के साथ गंगापुर में उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर नजर आ रही हैं।
नगरपालिका अध्यक्ष पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होते ही गंगापुर की चुनावी राजनीति में उच्च शिक्षित युवाओं की सक्रिय भागीदारी सामने आने लगी है। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन वार्ड नं. 13 और 9 से युवा प्रीति काकाणी ने कांग्रेस पार्टी से पार्षद पद के लिए आवेदन किया।
प्रीति काकाणी ने आवेदन फार्म में अपनी शैक्षणिक योग्यता सीए, सीएस, एम.कॉम एवं डीआईएसए दर्शाई है। उच्च शिक्षा के साथ राजनीति में कदम रखने के पीछे उनका उद्देश्य शहर के विकास में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है।
राजनीति में आने के सवाल पर प्रीति काकाणी ने कहा कि सड़क, पानी और सफाई आमजन का मूलभूत अधिकार है और यह सुविधाएं उन्हें मिलनी ही चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास की सोच केवल इन मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए। गंगापुर के सर्वांगीण विकास के लिए युवाओं को आगे आकर नई सोच और नई ऊर्जा के साथ काम करना होगा।
प्रीति काकाणी के कांग्रेस से आवेदन के बाद गंगापुर की चुनावी सियासत में उच्च शिक्षा और युवा सोच को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। नगरपालिका चुनाव में उनके आवेदन ने राजनीति में शिक्षित युवाओं की भागीदारी को लेकर एक नया विमर्श सामने ला दिया है।

