गंगापुर नगरपालिका चुनाव में नामांकन के पहले दिन तीन प्रत्याशियों ने भरे फार्म, टिकटों पर बढ़ी खींचतान
गंगापुर नगरपालिका चुनाव में पहले दिन तीन प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। भाजपा-कांग्रेस में टिकटों को लेकर बढ़ी खींचतान से चुनावी मुकाबला रोचक हुआ।

गंगापुर नगरपालिका चुनाव महासंग्राम में नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। नामांकन के पहले दिन तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया। वार्ड संख्या 18 से भाजपा की कांता देवी सोनी, वार्ड संख्या 22 से कांग्रेस के मनोज तातेड तथा वार्ड संख्या 9 से निर्दलीय प्रत्याशी तब्बसुम बानो ने निर्वाचन अधिकारी विवेक गुर्जर के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
नामांकन का आगाज होते ही भाजपा और कांग्रेस में टिकटों को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान भी खुलकर सामने आने लगी है। दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों के सामने अपने-अपने दावेदारों को साधने और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की चुनौती बनी हुई है। टिकट फाइनल करने को लेकर कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार करीब 20 नामों पर सहमति बनने की बात सामने आ रही है, जबकि शेष पांच वार्डों के लिए पार्टी में मंथन और रायशुमारी का दौर जारी है। अंतिम पांच नामों को लेकर स्थानीय समीकरण, दावेदारों की मजबूत पकड़ और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखकर फैसला होने की चर्चा है।
वहीं कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर स्थिति और अधिक पेचीदा नजर आ रही है। कई वर्तमान पार्षदों के टिकट कटने की चर्चाओं ने पार्टी के भीतर खलबली मचा दी है। टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों के साथ वर्तमान पार्षदों की निगाहें भी पार्टी के अंतिम फैसले पर टिकी हैं। टिकट कटने की आशंका से कई पार्षदों के चेहरे लटके हुए हैं, जबकि दावेदार अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं।
राजनीतिक तौर पर गंगापुर नगरपालिका चुनाव अब दिलचस्प मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। नामांकन शुरू होने के साथ ही जहां प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होने लगी है, वहीं भाजपा और कांग्रेस के लिए टिकट वितरण सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा बन गया है। टिकट से वंचित होने वाले दावेदार बगावत का रास्ता अपनाते हैं या पार्टी के फैसले के साथ खड़े रहते हैं, यह आने वाले दिनों में चुनावी समीकरणों पर बड़ा असर डाल सकता है।
गंगापुर के 25 वार्डों में टिकटों की घोषणा के बाद मुकाबले की असली तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल नामांकन के पहले दिन तीन प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से चुनावी रण का श्रीगणेश हो गया है और राजनीतिक गलियारों में दावेदारों की धड़कनें तेज हो गई हैं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
