बागियों की मनुहार रंग लाई, कांग्रेस ने तीन वार्डों में कराई नाम वापसी, बदले समीकरण
गंगापुर नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस ने वार्ड 9, 17 और 23 से तीन बागी प्रत्याशियों की नाम वापसी कराई, जिससे कई वार्डों के चुनावी समीकरण बदले।

तस्वीर में गंगापुर में एकत्र हुए राजनीतिक दलों के नेता नजर आ रहे हैं।
गंगापुर नगरपालिका चुनाव महासंग्राम में नामांकन वापसी के साथ ही राजनीतिक दलों की रणनीति खुलकर सामने आने लगी है। टिकट वितरण के बाद बगावत का सामना कर रही पार्टियां अब बागी उम्मीदवारों को मनाने में जुटी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस ने बागी प्रत्याशियों से संवाद कर तीन वार्डों में नामांकन वापस कराने में सफलता हासिल की है।
नामांकन वापसी के दौरान सबसे पहले वार्ड नंबर 9 से ज्योति जोशी ने अपना नामांकन वापस लिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं की सक्रियता बढ़ी और पार्टी ने अन्य बागी प्रत्याशियों से संपर्क साधकर उन्हें चुनाव मैदान से हटने के लिए मनाया।
कांग्रेस की रणनीति के तहत वार्ड नंबर 23 से फरजाना पत्नी लतीफ मोहम्मद ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया। वहीं, वार्ड नंबर 17 से जाकिर खान सिंधी निर्वाचन अधिकारी विवेक गुर्जर के समक्ष पेश हुए और अपना नामांकन वापस ले लिया।
नामांकन वापसी के दौरान कांग्रेस की ओर से चुनावी रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता देखने को मिली। विधानसभा प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शंकरलाल जाट, मुकेश चंदेल, सुनील त्रिपाठी सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहे। नेताओं ने बागी प्रत्याशियों से संवाद कर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव मैदान से हटने के लिए उन्हें मनाया।
इन प्रत्याशियों की नाम वापसी को कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक सफलता माना जा रहा है। टिकट वितरण के बाद सामने आई नाराजगी और बगावत के बीच पार्टी नेताओं की ओर से लगातार डैमेज कंट्रोल की कोशिश की जा रही है।
गंगापुर नगरपालिका चुनाव में नामांकन दाखिल होने के बाद कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय और बहुकोणीय बन गया था। अब नाम वापसी के साथ कुछ वार्डों में मुकाबला सीधे आमने-सामने का होने की संभावना बढ़ गई है। ऐसे में बागियों की वापसी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के लिए राहत मानी जा रही है।
अब नजर नाम वापसी के अंतिम दौर पर है कि कितने बागी चुनाव मैदान छोड़ते हैं और कितने अपने ही दल के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनावी ताल ठोकते हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गंगापुर नगरपालिका चुनाव की तस्वीर और अधिक साफ होने की उम्मीद है।

