गंगापुर नगर पालिका चुनाव 2026 के बीच कांग्रेस ने पार्टी अनुशासन को लेकर बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है। कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में 9 व्यक्तियों को तत्काल प्रभाव से पार्टी के पदों से हटाते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया है। इन सभी पर छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासन की कार्रवाई की गई है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष भीलवाड़ा रामलाल जाट की अनुशंसा और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सहाड़ा के अध्यक्ष सोहनलाल जाट की ओर से की गई कार्रवाई के अनुसार, यह निर्णय गंगापुर नगर पालिका चुनाव के दौरान पार्टी अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

जिन 9 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें प्रहलाद राय गहलोत, रतनलाल खटीक, जितेंद्र सैनी, नाथूलाल माली, धनराज माली, नीलेश सोमानी, गोविंद माली, मजीद पठान तथा नयूम मो. उर्फ सोनू उस्मान सिलावट शामिल हैं।

पार्टी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल होना अथवा पार्टी के निर्णय और दिशा-निर्देशों के विपरीत कार्य करना गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसी के चलते संबंधित लोगों के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से बाहर किया गया है।

ब्लॉक अध्यक्ष सोहनलाल जाट और नगर अध्यक्ष गंगापुर धीरज चंदेल ने बताया कि कांग्रेस पार्टी चुनाव में अपने अधिकृत प्रत्याशियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ कार्य करने वाले किसी भी व्यक्ति को संगठन स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि गंगापुर नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। मतदान के बाद चुनाव परिणाम सामने आ चुके हैं और कांग्रेस ने नगर पालिका में अपना बोर्ड बनाने में सफलता हासिल की है। ऐसे में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 9 लोगों के खिलाफ की गई छह वर्ष के निष्कासन की कार्रवाई कांग्रेस संगठन में अनुशासन को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Next Story