गंगापुर में अवैध निर्माण, कॉम्प्लेक्सों में पार्किंग की कमी और सार्वजनिक रास्तों पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित कॉम्प्लेक्स और होटल संचालकों पर निर्माण एवं पार्किंग संबंधी नियमों की कथित अनदेखी के आरोप लग रहे हैं। पार्किंग व्यवस्था के अभाव में बाजारों में यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं सड़क और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण के चलते आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगरपालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

गंगापुर-भीलवाड़ा। शहर में बढ़ते व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ यातायात और पार्किंग की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। कई स्थानों पर कॉम्प्लेक्सों में आने वाले ग्राहकों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से सड़क किनारे ही वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे बाजारों में जाम जैसी स्थिति बन रही है और पैदल राहगीरों सहित दुपहिया एवं चौपहिया वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

इस स्थिति के बीच सवाल उठ रहे हैं कि किसी व्यावसायिक भवन या कॉम्प्लेक्स के निर्माण के दौरान पार्किंग और अन्य आवश्यक नियमों की पालना सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है? निर्माण स्वीकृति और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था की जांच करने वाले संबंधित विभागों की भूमिका भी चर्चा में है।

इसी तरह शहर में संचालित कुछ होटलों के निर्माण और संचालन को लेकर भी नियमों की पालना पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आमजन के बीच यह चर्चा है कि क्या संबंधित प्रतिष्ठानों के निर्माण स्वीकृति पत्र, पार्किंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक अनुमतियों की नियमित जांच की जा रही है। यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

नगरपालिका में नया बोर्ड गठित होने के बाद शहरवासियों को उम्मीद थी कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर ठोस कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, स्थानीय स्तर पर अब तक कोई बड़ी प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आने से लोगों में निराशा दिखाई दे रही है।

नगरपालिका की बोर्ड बैठक में भी एक पार्षद ने अवैध कॉम्प्लेक्स का मुद्दा उठाकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। इसके बावजूद इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बोर्ड बैठक में उठाए गए मुद्दे के बाद भी धरातल पर कोई ठोस असर नजर नहीं आने से शहरवासियों की चिंता बनी हुई है।

शहरवासियों का कहना है कि नगरपालिका का दायित्व केवल सफाई, सड़क और रोशनी तक सीमित नहीं है। शहर में होने वाले निर्माण कार्यों की वैधानिकता की जांच करना, स्वीकृत नक्शों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करवाना, पार्किंग व्यवस्था की पालना करवाना और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखना भी नगरपालिका की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

यदि कहीं नियमों के विपरीत निर्माण हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। इससे न केवल निर्माण संबंधी नियमों की पालना सुनिश्चित होगी, बल्कि आमजन को यातायात और पार्किंग की समस्याओं से भी राहत मिल सकती है।

अब सवाल यह है कि नगरपालिका प्रशासन अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मामलों में कब सक्रिय होगा? क्या संबंधित कॉम्प्लेक्स और होटल संचालकों के निर्माण स्वीकृति पत्र, स्वीकृत नक्शे, पार्किंग प्रावधान और आवश्यक अनुमतियों की जांच करवाई जाएगी? क्या बोर्ड बैठक में उठाए गए सवालों पर कार्रवाई की स्थिति सार्वजनिक की जाएगी?

गंगापुर शहर का विस्तार और व्यावसायिक गतिविधियों का बढ़ना विकास का संकेत हो सकता है, लेकिन विकास के साथ नियमों की पालना और आमजन की सुविधाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है। शहरवासियों को अब आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाली कार्रवाई का इंतजार है।

नगरपालिका प्रशासन से अपेक्षा है कि बिना किसी भेदभाव के जांच करवाकर वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखे और जहां नियमों का उल्लंघन पाया जाए, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे।

गंगापुर की जनता का सीधा सवाल है कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त और बाजारों को पार्किंग की समस्या से निजात कब मिलेगी? नगरपालिका प्रशासन जांच और कार्रवाई की पहल कब करेगा, या फिर आमजन इसी तरह रोजाना की परेशानी झेलने को मजबूर रहेगा?

Next Story