गंगापुर (भीलवाड़ा)। भारतीय संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च स्थान प्रदान करने वाली परंपरा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद् शाखा गंगापुर ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 'गुरुगौरवम्' अभियान का आयोजन किया। परिषद् के गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन प्रकल्प के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर में 23 गुरुजनों का सम्मान किया गया तथा शिक्षा, खेल एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 600 से अधिक विद्यार्थियों को संस्कार, गुरु सम्मान और नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत विकास परिषद् के क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि चरित्र निर्माण, संस्कारों का विकास और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के मन में गुरु एवं माता-पिता के प्रति आदर और कृतज्ञता का भाव विकसित करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उनके अनुसार यह अभियान विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

भारत विकास परिषद् की संस्कार गतिविधि के शाखा संयोजक एवं बार एसोसिएशन अध्यक्ष अरविन्द चौधरी ने बताया कि भारत विकास परिषद् शाखा गंगापुर वर्ष 1993-94 से लगातार गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष देशभर में लाखों विद्यार्थियों तक पहुंचने वाला यह अभियान भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त बनाने के साथ ही युवाओं को संस्कारित, उत्तरदायी एवं राष्ट्रनिष्ठ नागरिक बनाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

शाखा अध्यक्ष चमन लोसर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। वहीं शाखा सचिव दिनेश कुमार श्रोत्रिय ने बताया कि भारत विकास परिषद् गंगापुर द्वारा इस वर्ष क्षेत्र के 25 विद्यालयों में 'गुरुगौरवम्' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में गुरुजनों का सम्मान, उत्कृष्ट विद्यार्थियों का अभिनंदन, माता-पिता के सम्मान एवं सेवा का संकल्प तथा नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य भारतीय संस्कृति के आदर्शों को आत्मसात कर विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी, शाखा अध्यक्ष चमन लोसर, संस्कार संयोजक अरविन्द चौधरी, चैनसुख जिनगर, वित्त सचिव अखिलेश अग्रवाल, हरिवल्लभ शर्मा, अनिल कुमार शर्मा, शिक्षक गोरधन सोनी, प्रहलाद तेली, नारायण सिंह चुण्डावत, सांवरमल माली सहित परिषद् के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने गुरु सम्मान, भारतीय संस्कारों के संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण के संदेश को व्यापक रूप से विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story