गंगापुर शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था अब आमजन के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर आए दिन लगने वाले जाम से वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूलों की छुट्टी और बसों की आवाजाही के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा कई बार मुख्य मार्गों पर घंटों तक यातायात प्रभावित रहता है।

गंगापुर, भीलवाड़ा। शहर के ब्रह्मपुरी क्षेत्र, भूत बावजी मंदिर मार्ग, बस मार्ग और कोर्ट चौराहे पर लगातार यातायात दबाव बढ़ रहा है। इन स्थानों पर सड़क किनारे खड़े वाहन, बेतरतीब पार्किंग, बसों की आवाजाही और बढ़ते यातायात के कारण जाम लगना आम हो गया है। स्कूल बसों के एक साथ निकलने के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार गंगापुर शहर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ बसों तथा अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही होती है, लेकिन यातायात को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नजर नहीं आती। इसके चलते वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार वाहन खड़े कर देते हैं और कई स्थानों पर सड़क का बड़ा हिस्सा पार्किंग में तब्दील हो जाता है।

सबसे गंभीर स्थिति यह है कि यातायात पुलिस के लिए दो पद स्वीकृत होने के बावजूद दोनों पद खाली हैं। नियुक्ति नहीं होने से शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए स्थायी ट्रैफिक पुलिस बल का अभाव बना हुआ है। इसका सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों, स्कूलों की छुट्टियों, बाजार के व्यस्त समय और बसों की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की आवश्यकता है। प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, बेतरतीब पार्किंग पर कार्रवाई, नो-पार्किंग व्यवस्था लागू करने तथा स्कूल बसों के आवागमन के समय विशेष यातायात प्रबंधन किया जाना जरूरी है।

आमजन ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि स्वीकृत दोनों ट्रैफिक पुलिस पदों पर जल्द नियुक्ति की जाए। जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं होती, तब तक शहर के प्रमुख चौराहों और जाम प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती कर यातायात व्यवस्था सुचारु की जाए।

लोगों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बढ़ते वाहनों और यातायात दबाव के बीच आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। शहरवासियों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू कर राहत दिलाने की मांग की है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story