गंगापुर (भीलवाड़ा)। शहर में शादियों की रौनक के बीच यातायात अव्यवस्था ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गंगापुर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त सड़कों पर जाम के हालात ऐसे हैं कि सड़कें पार्किंग स्थल में तब्दील होती नजर आ रही हैं। वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और यातायात प्रबंधन के अभाव के चलते शहर की रफ्तार थम गई है। राहगीरों, दुपहिया वाहन चालकों और व्यापारियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं जिम्मेदारों की चुप्पी पर भी सवाल उठने लगे हैं।

नगर पालिका कार्यालय क्षेत्र से लेकर भूत बावजी मंदिर, अग्रसेन बाजार, सहाड़ा दरवाजा, लक्ष्मी बाजार और सदर बाजार तक यातायात व्यवस्था प्रभावित है। इन इलाकों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। शादियों के आयोजनों के कारण वाहनों की आवाजाही बढ़ी है। दूसरी ओर, सड़कों के किनारे और बीच सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों ने यातायात की गति पूरी तरह बाधित कर दी है। स्थिति यह है कि कई प्रमुख मार्गों पर चारपहिया वाहन लेकर निकलना मुश्किल हो रहा है, वहीं पैदल चलने वालों और दुपहिया वाहन चालकों को भी रास्ता तलाशने में परेशानी हो रही है।

शहर के प्रमुख बाजारों में जाम का सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहा है। दुकानों के सामने और बाजारों के बीच वाहनों की लंबी कतारें लगने से ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे दुकानदारों की ग्राहकी प्रभावित हो रही है और कारोबार पर असर पड़ रहा है। इसके बावजूद बाजारों में यातायात सुचारू करने के लिए कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है।

बस स्टैंड क्षेत्र में भी यातायात के हालात चिंताजनक बने हुए हैं। दिनभर वाहनों की आवाजाही, अव्यवस्थित पार्किंग और जाम के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बसों और अन्य वाहनों के बीच से रास्ता निकालना चालकों के लिए चुनौती बन गया है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि दुपहिया वाहन चालकों को भी निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती।

सबसे बड़ा सवाल शहर के व्यस्त इलाकों में यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस जाप्ते की तैनाती को लेकर उठ रहा है। बाजारों में प्रभावी यातायात नियंत्रण नजर नहीं आ रहा और न ही बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ कोई सख्ती दिखाई दे रही है। ऐसे में शहरवासी सवाल कर रहे हैं कि जब प्रमुख सड़कें जाम से जूझ रही हैं तो यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभा रहा है?

शहरवासियों में पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि शादियों के सीजन में वाहनों की संख्या बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए पहले से यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। प्रमुख चौराहों और बाजारों में पुलिसकर्मियों की तैनाती, पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान और नो-पार्किंग क्षेत्रों में सख्ती जैसे कदम उठाए जाते तो आमजन को इस परेशानी से बचाया जा सकता था।

अब सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या पुलिस और प्रशासन किसी बड़े हादसे या गंभीर अव्यवस्था का इंतजार कर रहे हैं? क्या व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों की लगातार बढ़ती परेशानी जिम्मेदार अधिकारियों तक नहीं पहुंच रही है?

शहरवासियों की मांग है कि पुलिस अधिकारी तत्काल सक्रिय होकर प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड और व्यस्त मार्गों पर यातायात पुलिस का जाप्ता तैनात करें। बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की जाए और शादियों के सीजन को देखते हुए विशेष यातायात योजना लागू की जाए। गंगापुर की जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़कों पर सुचारू यातायात व्यवस्था की जरूरत है।

शहर की सड़कों पर जाम अब रोजमर्रा की परेशानी बनता जा रहा है। ऐसे में गंगापुर को जाम से राहत दिलाने और बाजारों से लेकर बस स्टैंड तक यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की सक्रियता अहम होगी।

Next Story