गंगापुर, भीलवाड़ा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे कार्यक्रम के अंतर्गत तालुका विधिक सेवा समिति, गंगापुर की ओर से पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर में “अजनबी से सावधान - मना करो, दूर जाओ, बताओ (STRANGER DANGER-NO-GO-TELL)” विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

तालुका सचिव निखिलेश जीनगर ने बताया कि कार्यक्रम में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, गंगापुर सुश्री पारुल चौहान ने बच्चों के बहला-फुसलाकर ले जाने तथा बाल तस्करी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया। अभियान के माध्यम से बच्चों, अभिभावकों और आम नागरिकों को सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि ऑनलाइन गेम के माध्यम से बच्चों को प्रलोभित किया जाता है। इस तरह के प्रलोभन के चक्कर में बच्चों और उनके परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक क्षति भी होती है। अपराधी बच्चों को झूठे वादों, उपहारों, पैसों अथवा अन्य प्रलोभनों के माध्यम से अपने जाल में फँसा सकते हैं। ऐसे में बच्चों को अनजान व्यक्तियों से सावधान रहने और किसी भी अपरिचित व्यक्ति के साथ अकेले न जाने की सलाह दी गई।

अभियान के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का संदेश दिया गया। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से बच्चों की सुरक्षा के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने की अपील की गई।

इस दौरान अधिवक्ता गंगापुर श्रीमती सज्जन बैरवा, पीएलवी श्री राजेंद्र टेलर, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोवर्धन लाल लक्षकार तथा अध्यापकगण आदि उपस्थित रहे। अभियान में बच्चों को अजनबियों से सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने और सुरक्षित व्यवहार अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

Updated On
Next Story