गंगापुर, भीलवाड़ा। गंगापुर नगरपालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने पदभार संभालने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर मौके पर मिली खामियों को लेकर संबंधित कार्मिकों को फटकार लगाई। रविवार को उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और सफाई कर्मचारियों तथा कचरा संग्रहण टीपर चालकों से सीधा संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान गंदगी से भरी नालियां मिलने पर अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आमजन से भी सीधा संवाद कर शहर की समस्याओं की जानकारी ली।

वार्ड नंबर 10 में महिलाओं ने खाली भूखंडों में जहरीले जीव-जंतुओं के आने की समस्या अध्यक्ष के सामने रखी। वहीं गलियों में घूमते गौवंश और उनके कारण फैल रही गंदगी को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। अध्यक्ष ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बस स्टैंड क्षेत्र में टूटे नाले और बदबूमय वातावरण की समस्या को भी अध्यक्ष ने गंभीरता से लिया। उन्होंने नाले की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पुराने अस्पताल भवन परिसर में फैली गंदगी को तत्काल हटाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

सड़क पर लग रही सब्जी मंडी को लेकर अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्धारित स्थान से बाहर ठेले लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए।

शहर के निरीक्षण के दौरान पूर्व पालिका उपाध्यक्ष लखन काकाणी, पार्षद प्रशांत कसेरा, सफाई निरीक्षक राहुल टांक सहित नगरपालिका कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण में सामने आई सफाई संबंधी समस्याओं और अव्यवस्थाओं पर दिए गए निर्देशों के बाद अब संबंधित क्षेत्रों में व्यवस्था सुधारने की कार्रवाई पर ध्यान रहेगा।

Next Story