आइसक्रीम विक्रेता पर हमले और लूट के आरोप, व्यापार संघ ने एसडीओ से की कार्रवाई की मांग
गंगापुर में आइसक्रीम सामान के विक्रेता पर मारपीट और लूट के आरोप के मामले में व्यापार संघ ने एसडीओ विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपा। तीन आरोपी गिरफ्तार हैं, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और धमकी देने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई।

तस्वीर में सहाड़ा चौराया व्यापार संघ के प्रतिनिधि गंगापुर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
गंगापुर-भीलवाड़ा। सहाड़ा चौराया व्यापार संघ, गंगापुर ने आइसक्रीम सामान के विक्रेता के साथ हुई मारपीट एवं लूट की घटना को लेकर सोमवार को उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपा। व्यापार संघ ने मामले में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
व्यापार संघ के ज्ञापन के अनुसार 23 सितंबर 2026 की रात करीब 7:40 बजे महावीर रेफ्रिजरेटर के नाम से संचालित आइसक्रीम सामान के प्रतिष्ठान पर पांच वाहनों में सवार होकर करीब 20-25 लोग पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने दुकान में घुसकर दुकान मालिक और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और डराने-धमकाने की घटना को अंजाम दिया। ज्ञापन में करीब 5 हजार रुपये लेकर जाने तथा दुकान में रखे सामान को अस्त-व्यस्त करने का भी आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में बताया गया कि घटना के संबंध में गंगापुर थाने में मुकदमा संख्या 241/26 दर्ज करवाया गया है। पुलिस द्वारा अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं।
व्यापार संघ का आरोप है कि फरार आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से पीड़ित संपतलाल जाट को धमकियां दी जा रही हैं। इससे पीड़ित और उसका परिवार परेशान है। व्यापारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
व्यापार संघ ने उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर से मामले में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करवाने तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के लिए विशेष पुलिस दल गठित करवाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई होने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहेगी और व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास कायम होगा।

