गंगापुर (भीलवाड़ा)। गंगापुर क्षेत्र में आखिरकार मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया। मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह करीब 10 बजे तक सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र सहित गंगापुर इलाके में लगातार मूसलाधार बारिश होती रही। सिंचाई विभाग के अनुसार गंगापुर में सुबह 8 बजे तक करीब 45 मिलीमीटर (लगभग दो इंच) वर्षा दर्ज की गई। इस बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के लिए यह किसी अमृत वर्षा से कम साबित नहीं हुई।

लगातार हुई बारिश के कारण क्षेत्र के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई और पिछले एक सप्ताह से बनी उमस भरी गर्मी का असर समाप्त हो गया। मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली और पूरे क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदलता नजर आया।

बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला। लंबे समय से पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण खरीफ फसलें सूखने और खराब होने की कगार पर पहुंच गई थीं। देर रात हुई झमाझम बारिश से मक्का, सोयाबीन, उड़द एवं अन्य खरीफ फसलों को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है। खेतों में नमी बढ़ने से किसानों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है और अच्छी पैदावार की उम्मीद बंधी है।

दूसरी ओर लगातार हुई बारिश ने नगर पालिका की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। कृषि उपज मंडी मार्ग पर भारी जलभराव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर कई स्थानों पर पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों को विशेष दिक्कत हुई, जबकि पैदल राहगीरों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।

मंडी मार्ग से सटी कॉलोनियों की सड़कें भी तालाब जैसी दिखाई दीं। जल निकासी नहीं होने के कारण घंटों तक बारिश का पानी जमा रहा, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई और उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है।

बारिश से क्षेत्र के कई निचले इलाकों, खेतों और तालाबों में भी पानी की अच्छी आवक हुई है। किसानों ने इस वर्षा को खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक बताया है। वहीं नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालियों की नियमित सफाई कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story