गंगापुर, भीलवाड़ा। गंगापुर नगर में खुले में घूम रहे निराश्रित गौवंश से आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने नई व्यवस्था लागू की है। शहर में गौवंश की समस्या के समाधान और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अब खुले में हरा चारा डालने पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा।

नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने समस्या के समाधान के लिए नवाचार करते हुए भूत बावजी मंदिर के पास पालिका का टीपर खड़ा करवाया है। नगरपालिका की ओर से आमजन से अपील की जा रही है कि खुले में हरा चारा डालने के बजाय चारा टीपर में ही डालें। टीपर में एकत्रित हरे चारे को नगरपालिका की व्यवस्था के तहत गौशाला ले जाकर गौवंश को खिलाया जाएगा।

नई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगरपालिका ने दो सफाईकर्मियों को मौके पर ड्यूटी पर तैनात किया है। सफाईकर्मी आमजन को खुले में चारा नहीं डालने और टीपर में चारा डालने के लिए समझाइश करेंगे। इसके साथ ही हरा चारा बेचने वाले दुकानदारों और विक्रेताओं को भी खुले में चारा डालने की व्यवस्था नहीं करने के लिए पाबंद किया गया है।

अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखना केवल नगरपालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पशुपालकों से विशेष रूप से अपील की कि पालतू गौवंश को खुले में नहीं छोड़ें। खुले में गौवंश के घूमने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नई व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। खुले में चारा डालने से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलने के साथ बड़ी संख्या में गौवंश एकत्रित हो जाता है। इससे आमजन और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इधर, नगर में खुले घूम रहे निराश्रित गौवंश की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान के तहत सड़कों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे गौवंश को पकड़कर उचित व्यवस्था के लिए गौशाला पहुंचाया जाएगा।

नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी की ओर से लागू की गई इस व्यवस्था में खुले में चारा डालने पर रोक के साथ चारे को टीपर के माध्यम से गौशाला पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। अब इस व्यवस्था को सफल बनाने और शहर में स्वच्छता तथा गौवंश की समस्या को नियंत्रित करने में आमजन की सहभागिता महत्वपूर्ण होगी।

Next Story