गंगापुर (भीलवाड़ा)। भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर गंगापुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय सहाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के प्रति उनके योगदान, दृढ़ नेतृत्व और राजनीतिक व्यक्तित्व को याद किया गया।

कार्यक्रम में नगर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज चंदेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी देश की राजनीति में साहस, दृढ़ संकल्प और मजबूत नेतृत्व की प्रतीक थीं। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए। उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई।

चंदेल ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन देश सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके विचार और आदर्श आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इंदिरा गांधी के आदर्शों पर चलते हुए आमजन की सेवा करने और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया।

इस दौरान पूर्व पालिका उपाध्यक्ष लखन काकानी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विजय चौहान, पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश तेली, पूर्व पार्षद बंशीलाल रेगर, बालकिशन चंदेल, पार्षद नवरतन बैरवा, पूर्व पार्षद गजेंद्र गहलोत, नगर उपाध्यक्ष रूपचंद माली एवं एडवोकेट नवीन व्यास सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उनके नेतृत्व, विचारों और राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Next Story