गंगापुर-भीलवाड़ा। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी की पहल के बाद चम्बल योजना से गंगापुर में जलापूर्ति की मात्रा बढ़ाई गई है। नगरपालिका अध्यक्ष की मौजूदगी में पीएचईडी एवं चम्बल परियोजना के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, वर्तमान स्थिति और चल रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में अधिकारियों ने गंगापुर कस्बे में चल रहे पेयजल संबंधी कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि अमृत 2.0 योजना के तहत दाता मंगरी एवं मैलोनी में दो उच्च जलाशयों का सिविल कार्य पूरा हो चुका है। अब इन उच्च जलाशयों की कमीशनिंग तथा उन्हें पाइपलाइन से जोड़ने का कार्य जारी है।

गंगापुर शहर की बढ़ती पेयजल मांग को पूरा करने के लिए रायथलियास बांध पर पम्प हाउस एवं पाइपलाइन निर्माण का कार्य भी प्रगतिरत है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्य लगभग तीन माह में पूरा किए जाने का प्रस्ताव है। इन कार्यों के पूरा होने के बाद गंगापुर कस्बे में पेयजल आपूर्ति अधिक नियमित और सुचारू बनाए जाने में मदद मिलेगी।

बैठक में चम्बल परियोजना के अधिकारियों ने वर्तमान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में चम्बल योजना के माध्यम से गंगापुर में 1,20,000 गैलन प्रति घंटा, प्रतिदिन लगभग 16 घंटे पेयजल आपूर्ति की जा रही थी। शहरवासियों की पेयजल जरूरत को देखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद पेयजल आपूर्ति की मात्रा बढ़ाकर वर्तमान में 1,40,000 गैलन प्रति घंटा, प्रतिदिन 16 घंटे किए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जलापूर्ति की मात्रा में हुई इस बढ़ोतरी से गंगापुर शहर में पेयजल व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।

वहीं अमृत 2.0 योजना के तहत निर्माणाधीन उच्च जलाशयों, पाइपलाइन और रायथलियास बांध स्थित पम्प हाउस का कार्य पूरा होने के बाद शहर की पेयजल व्यवस्था को और मजबूती मिलने की संभावना है।

नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने बैठक के दौरान शहरवासियों की पेयजल समस्या को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चल रहे कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में आगामी समय में गंगापुर की बढ़ती पेयजल मांग के अनुरूप उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए आमजन को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

गंगापुर में एक ओर चम्बल योजना के तहत पेयजल की मात्रा बढ़ाई गई है, वहीं दूसरी ओर अमृत 2.0 के तहत चल रहे कार्यों के पूरा होने के बाद शहर की पेयजल व्यवस्था में स्थायी सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story