गंगापुर क्षेत्र के साथलियास गांव में बेखौफ बदमाशों ने एक दंपती पर जानलेवा हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। तड़के खेत पर गायों का दूध निकालने जा रहे दंपती को पहले कार से टक्कर मारकर गिराया गया और उसके बाद नकाबपोश बदमाशों ने लोहे के पाइप से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

घटना के अनुसार, साथलियास गांव निवासी राजेश जोशी (43), पुत्र बद्री लाल जोशी, अपनी पत्नी के साथ सुबह खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने से तेज रफ्तार कार आई और उसने दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों गिर गए। इससे पहले कि वे संभल पाते, कार से मुंह बांधे दो नकाबपोश बदमाश लोहे/स्टील के पाइप लेकर बाहर निकले और राजेश जोशी पर हमला कर दिया।

बदमाशों ने राजेश जोशी पर पाइपों से लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गए। हमलावरों ने हमला करने के बाद उनके गले में पहना सोने/चांदी का ‘रामनामी-मादलिया’ भी छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों नकाबपोश बदमाश अपनी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल राजेश जोशी को तुरंत गंगापुर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

तड़के हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। कार से टक्कर मारकर पाइपों से हमला करने और लूट की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल गंगापुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नकाबपोश बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही वारदात में शामिल आरोपियों और घटना के पीछे के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story