भीलवाड़ा, 24 दिसंबर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत भीलवाड़ा जिले में पिछले 25 वर्षों में ग्रामीण संपर्क नेटवर्क को मजबूती देने के लिए अभूतपूर्व निर्माण कार्य किए गए हैं। प्रदेश में कुल 75 हजार किमी सड़कों का निर्माण किया गया, जबकि 15,983 बसावटों/गांवों को ऑलवेदर पक्की सड़कों से जोड़ा गया। इसी क्रम में भीलवाड़ा जिले में लगभग 545 करोड़ रुपये की लागत से 2,615 किमी सड़कों का निर्माण किया गया, जिससे 590 बसावटें ऑलवेदर सड़कों से जुड़ सकीं।

गौरतलब है कि 25 दिसंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की नींव रखी थी, जिसका उद्देश्य देश के असंबद्ध गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ना था।

सा.नि.वि. वृत के अधीक्षण अभियन्ता ने बताया कि योजना के प्रथम चरण में जिले में लगभग 385.17 करोड़ रुपये की लागत से 2,214.76 किमी सड़कों का निर्माण हुआ, जिससे 543 बसावटें ऑलवेदर पक्की सड़कों से जुड़ीं। योजना के दूसरे चरण में 43.25 करोड़ रुपये की लागत से 147.28 किमी सड़कों का चौड़ाईकरण और सुदृढ़ीकरण किया गया। तीसरे चरण में अब तक 116.54 करोड़ रुपये की लागत से 253 किमी की 30 सड़कों का चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया गया।

योजना के चौथे चरण में प्रदेश स्तर पर 1,638 बसावटों को ऑलवेदर सड़कों से जोड़ने के लिए चिन्हित किया गया है। इसी अंतर्गत भीलवाड़ा जिले में 5 बसावटों को ऑलवेदर सड़कों से जोड़ने के लिए चयनित किया गया है। प्रथम फेज में 1,216 बसावटों के लिए सड़क और एक पुल का निर्माण किया जाएगा, जबकि भीलवाड़ा जिले में 4 बसावटों के लिए सड़क निर्माण कार्य निर्धारित है। इस चरण में लगभग 2,089 करोड़ रुपये की कुल लागत से 3,219 किमी नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिसमें भीलवाड़ा जिले में 6.42 करोड़ रुपये की लागत से 6.60 किमी नई सड़क बनाई जाएगी।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र विकास को गति दी है। इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल गांवों का संपर्क मजबूत हुआ है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी कदमों के परिणामस्वरूप आज भीलवाड़ा के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story