भीलवाड़ा।

सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करते हुए लायंस क्लब भीलवाड़ा द्वारा संचालित लायंस आई हॉस्पिटल के तत्वावधान में शुक्रवार को आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर ने दर्जनों जरूरतमंदों की आंखों में फिर से रोशनी लौटा दी। शिविर के दौरान कुल 130 रोगियों की नेत्र जांच की गई, जिनमें से 67 रोगियों का सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया।

लायंस क्लब भीलवाड़ा के अध्यक्ष अधिवक्ता पवन पंवार ने बताया कि सभी चयनित रोगियों के ऑपरेशन लायंस आई हॉस्पिटल में वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. अंशु बोरदिया एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा पूरी दक्षता और सावधानी के साथ किए गए। ऑपरेशन के पश्चात सभी रोगियों को आवश्यक दवाइयां, निःशुल्क चश्मे एवं डिस्चार्ज टिकट प्रदान कर ससम्मान उनके घर के लिए रवाना किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष पवन पंवार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) श्रीमती प्रभा देवठिया (आरएएस) उपस्थित रहीं, जबकि टेकरी के हनुमान महंत बनवारी शरण जी महाराज, विशिष्ट अतिथि श्रीमती मधु काबरा (लायंस क्लब भीलवाड़ा रूबी), भामाशाह लायन नीरज मानसिंहका सहित मनोज रामावत और राजकुमार अग्रवाल ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर क्लब द्वारा संचालित 2100 निःशुल्क कंबल वितरण अभियान के अंतर्गत सभी ऑपरेशन कराए गए रोगियों को सर्दी से बचाव हेतु कंबल वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि श्रीमती प्रभा देवठिया ने अपने संबोधन में लायंस क्लब भीलवाड़ा की निस्वार्थ सेवाओं की सराहना करते हुए नेत्रदान को महादान बताया और प्रत्येक नागरिक से मरणोपरांत नेत्रदान हेतु संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने रोगियों को आंखों की देखभाल और सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की।

कार्यक्रम में हॉस्पिटल प्रभारी लायन जे.के. बागडोदिया एवं शिविर प्रभारी लायन विनोद जैन की सक्रिय भूमिका रही। अध्यक्ष पवन पंवार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि लायंस क्लब भीलवाड़ा वर्षभर जरूरतमंदों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान को बढ़ावा देते हुए कपड़े के थैले भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन लायन विनोद जैन ने किया।

शिविर को सफल बनाने में लायन एल.बी. रांका, लायन प्रवीण गर्ग, लायन जे.पी. अग्रवाल, लायन एडवोकेट ललित सांखला, लायन ओमप्रकाश काबरा सहित सभी लायंस सदस्यों, पदाधिकारियों एवं हॉस्पिटल स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। यह आयोजन न केवल चिकित्सा सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बना, बल्कि सामाजिक सेवा की भावना को भी मजबूती प्रदान करता नजर आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story