भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव के सख्त निर्देशों के बाद जिले की विशेष टीम डीएसटी ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जबर्दस्त मोर्चा खोल दिया। बीती रात जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए बजरी माफियाओं और अवैध गार्नेट प्लांट संचालकों की कमर तोड़ दी गई। इस कार्रवाई ने जिले के खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया।

रायपुर और आसींद में बजरी के खिलाफ कार्रवाई में डीएसटी ने रायपुर थाना क्षेत्र के थला गांव में अवैध खनन में लगी एक जेसीबी को मौके से जब्त किया। दूसरी कार्रवाई आसींद क्षेत्र के परासोली गांव के खारी नदी के पेटे में हुई, जहाँ अवैध रूप से बजरी का दोहन कर रहे एक लोडर और एक डंपर को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। दोनों मामलों में जब्त वाहनों को संबंधित थानों को सुपुर्द कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शाहपुरा थाना क्षेत्र के डाबला कचरा गांव में सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई देखी गई। डीएसटी ने यहाँ चल रहे तीन अलग-अलग अवैध गार्नेट प्लांटों पर एक साथ छापा मारा। पुलिस की अचानक कार्रवाई से मौके पर भगदड़ मच गई और कई लोग भागने में सफल रहे। टीम ने 2 ड्राइवरों को हिरासत में लिया। मौके से 6 ट्रैक्टर, 5 मशीनें, 2 जेसीबी और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई।

एसपी धर्मेंद्र यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिले में अवैध खनन, बजरी तस्करी और नशीले पदार्थों के काले कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीएसटी का विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा और ऐसे काले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज़ी से होती रहेगी।

इस कार्रवाई से जिले में अवैध खनन और प्लांट संचालकों के बीच खौफ व्याप्त हो गया है, जबकि कानून के सख्त अनुपालन की संदेश जिलेभर में फैल गया है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story