भीलवाड़ा: 45 किलो डोडा चूरा के साथ तस्कर गिरफ्तार, 5 किमी पीछा कर दबोचा
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और मांडल पुलिस ने एनएच-79 पर नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे तस्कर को घेराबंदी कर पकड़ा, ब्रेजा कार से अवैध मादक पदार्थ बरामद।

नेशनल हाईवे 79 पर भदालीखेड़ा के पास पकड़ी गई सफेद ब्रेजा कार और गिरफ्तार आरोपी विकास विश्नोई, जिससे एएनटीएफ ने 45 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया है।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और मांडल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे 79 पर भदालीखेड़ा के पास बड़ी सफलता हासिल की है। नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे एक तस्कर को करीब 5 किलोमीटर तक पीछा कर गिरफ्तार किया गया, जबकि उसकी ब्रेजा कार से 45 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया।
सूत्रों के अनुसार, एएनटीएफ टीम को पुख्ता मुखबिर सूचना प्राप्त हुई थी कि बेंगू (चित्तौड़गढ़) की ओर से एक सफेद रंग की ब्रेजा कार में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ भरकर उसे जोधपुर की ओर सप्लाई किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद एएनटीएफ टीम ने एनएच-79 स्थित भदालीखेड़ा क्षेत्र में सादा वस्त्रों में नाकाबंदी स्थापित की।
नाकाबंदी के दौरान बेंगू की ओर से आ रही संदिग्ध ब्रेजा कार को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम द्वारा रोकने के लिए स्टॉप स्टिक (टायर बस्टर) का उपयोग किया गया, इसके बावजूद आरोपी ने नाकाबंदी तोड़ते हुए तेज रफ्तार से वाहन भगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया और लगभग 5 किलोमीटर तक फिल्मी अंदाज में पीछा कर घेराबंदी की।
भागने के प्रयास के दौरान आरोपी विकास विश्नोई, निवासी डोली (थाना कल्याणपुर, जिला बालोतरा), ने वाहन की गति और बढ़ा दी, लेकिन कुछ ही दूरी पर तेज रफ्तार के कारण कार का टायर अचानक फट गया। टायर फटने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ब्रेजा कार हाईवे पर बने डिवाइडर पर चढ़ गई, जिसके बाद वह रुक गई। मौके पर पहुंची एएनटीएफ और मांडल पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान वाहन से 45 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की ब्रेजा कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपी विकास (24) पुत्र थानाराम विश्नोई के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह मादक पदार्थ की खेप किस व्यक्ति से लेकर आया था और जोधपुर में इसकी डिलीवरी किन लोगों को की जानी थी। इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर एक बार फिर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
