धर्मवीर धीरज गुर्जर के जन्मोत्सव पर 'गौ माता राष्ट्रमाता संकल्प सप्ताह' का ऐलान, देशभर में चलेगा अभियान
भीलवाड़ा में आयोजित प्रेसवार्ता में धर्मवीर धीरज गुर्जर के 15 अगस्त जन्मोत्सव को "गौ माता राष्ट्रमाता संकल्प सप्ताह" के रूप में मनाने की घोषणा की गई। 11 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम होंगे और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजने के लिए व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।

तस्वीर में दिख रही प्रेस वार्ता के दौरान भीलवाड़ा सर्किट हाउस में बैनर के आगे बैठे कांग्रेस पदाधिकारी और प्रतिनिधि संवाद करते नजर आ रहे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं मेवाड़ के नेता पूर्व राज्य मंत्री धर्मवीर धीरज गुर्जर के 15 अगस्त जन्मोत्सव को इस वर्ष "गौ माता राष्ट्रमाता संकल्प सप्ताह" के रूप में मनाने की घोषणा के साथ रविवार को भीलवाड़ा सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में राष्ट्रव्यापी अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। प्रेसवार्ता में बड़ी संख्या में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा अभियान से जुड़े पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि धर्मवीर धीरज गुर्जर का जन्मोत्सव प्रत्येक वर्ष जनसेवा, धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया जाता रहा है। इस वर्ष इसे "गौ माता राष्ट्रमाता संकल्प सप्ताह" के रूप में आयोजित कर पूरे देश में गौ संरक्षण और भारतीय संस्कृति के प्रति जनजागरण का व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि 11 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों, विधानसभा क्षेत्रों और ब्लॉक स्तर पर संकल्प यज्ञ, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन, संत-महात्माओं एवं गौसेवकों का सम्मान, पौधारोपण एवं पौध वितरण, शिव-नंदी अभिषेक तथा विशाल हस्ताक्षर अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 15 अगस्त को भीलवाड़ा में आयोजित होने वाले "गौ माता राष्ट्रमाता संकल्प समारोह" के साथ होगा। इस समारोह में राजस्थान सहित देशभर से हजारों गौभक्तों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना व्यक्त की गई।
वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा जनअभियान है। अभियान के तहत लाखों लोगों के हस्ताक्षर एकत्रित कर राष्ट्रपति महोदया को ज्ञापन भेजा जाएगा तथा गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाई जाएगी।
प्रेसवार्ता के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को घर-घर तक पहुंचाने, अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने तथा संकल्प सप्ताह को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर याकूब मोहम्मद, धर्मेंद्र पारीक, छोगालाल गुर्जर, राजेश चौधरी, मनोज पालीवाल, मंजू पोखरना, गोपाल मालवीया, किशन जाट, गजेंद्र जैन, जयप्रकाश कोठारी, कुणाल ओझा, रेखा हिरण, हमीद रंगरेज, भावेश पुरोहित, योगेश सोनी, अक्षय गुर्जर, मोहम्मद हारून रंगरेज, सत्यवीर सिंह राठौड़, भंवर गुर्जर, उस्मान पठान, वसीम शेख, निसार सिलावट, शिवप्रकाश घावरी, शाहिद देशवाली, साबिर शेख, अजहरुद्दीन शेख और रफीक बिसायती सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता के अंत में पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने का आह्वान किया गया। साथ ही विश्वास जताया गया कि "गौ माता राष्ट्रमाता संकल्प सप्ताह" भारतीय संस्कृति, गौसंरक्षण और सामाजिक जागरण का एक ऐतिहासिक जनआंदोलन सिद्ध होगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
