दादाबाड़ी में तीन बच्चों के पिता ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
कोली मोहल्ला में धर्मेंद्र ने फांसी लगाकर जान दी, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, आत्मघाती कदम के कारणों की जांच जारी।

शहर के दादाबाड़ी क्षेत्र स्थित कोली मोहल्ला में बीती देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन बच्चों के पिता ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने घर के एक सूने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के हुक से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
भीमगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि दादाबाड़ी के कोली मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र (35) पुत्र फतेहसिंह कोली पेशे से पेंटिंग का कार्य करता था। गुरुवार रात धर्मेंद्र ने हमेशा की तरह परिजनों के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। देर रात वह घर के ही एक सूने कमरे में पहुंचा, जहां उसने साड़ी का फंदा गले में डालकर पंखे के हुक से लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना का पता चलने पर मृतक के भाई दीपक सहित अन्य परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने आनन-फानन में धर्मेंद्र को फंदे से नीचे उतारा और अचेत अवस्था में महात्मा गांधी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
रात अधिक होने के कारण पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया। शुक्रवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारणों का कोई स्पष्ट सुराग सामने नहीं आया है। भीमगंज थाना पुलिस धर्मेंद्र द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों की गहन पड़ताल में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दादाबाड़ी के कोली मोहल्ला क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
