कोर्ट में बयान बदलवाने की साज़िश का भंडाफोड़: गैंगरेप पीड़िता को धमकाने वाले नवीन सबनानी और जितेंद्र की भीलवाड़ा में पैदल परेड, जेल भेजे गए
भीलवाड़ा में गैंगरेप पीड़िता को कोर्ट में बयान बदलने के लिए धमकाने और मारपीट करने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई। आरोपी नवीन सबनानी और जितेंद्र की शहर में पैदल परेड निकालकर अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

भीलवाड़ा।
राजस्थान पुलिस के “आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय” के संकल्प को साकार करते हुए भीलवाड़ा पुलिस ने शुक्रवार को एक सख्त और संदेशात्मक कार्रवाई को अंजाम दिया। गैंगरेप पीड़िता को कोर्ट में बयान बदलने के लिए मारपीट कर धमकाने के मामले में गिरफ्तार किए गए दो मुख्य आरोपियों नवीन सबनानी और जितेंद्र उर्फ बिट्टू हरदासानी की शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल परेड निकाली गई। इस दौरान गोल प्याऊ चौराहे से स्टेशन चौराहे तक आरोपियों को पैदल ले जाया गया, जिसे देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
मामले की जांच कर रहे कोतवाली थाने के सहायक उप निरीक्षक अशोक सोनी ने बताया कि पीड़िता ने पूर्व में थाना सिटी कोतवाली में गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में अशरफ, साईना उर्फ जेसलीन, शाहरूख उर्फ बबलू, आमीर, सोयम, सानवीर, फैजान, सोयब और खालिद सहित कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस द्वारा मामले की जांच पूरी कर चालान भी न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है।
इसी प्रकरण में पीड़िता को कोर्ट में अपने बयान बदलने के लिए दबाव डालने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप सामने आए। पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अलग से एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। जांच के बाद पंचवटी निवासी जितेंद्र उर्फ बिट्टू हरदासानी पुत्र भोजराज और नाथद्वारा सराय निवासी नवीन सबनानी पुत्र रमेश चंद्र सबनानी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया।
सहायक उप निरीक्षक अशोक सोनी के अनुसार, रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने आरोपी जितेंद्र की निशानदेही पर एक इकरारनामा बरामद किया। यह इकरारनामा पीड़िता से गैंगरेप मामले में जबरन राजीनामा कराने के उद्देश्य से लिखवाया गया था, जो जांच में अहम सबूत के रूप में सामने आया।
रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद शुक्रवार को दोनों आरोपियों नवीन सबनानी और जितेंद्र की शहर में पैदल परेड कराई गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था के प्रति पुलिस की सख्ती और पीड़ितों के साथ खड़े होने के स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
- भीलवाड़ा गैंगरेप पीड़िता को धमकाने का मामलाभीलवाड़ा में बयान बदलवाने की साजिशनवीन सबनानी जितेंद्र पैदल परेड भीलवाड़ाBhilwara gang rape victim threatened casecourt statement change conspiracy BhilwaraBhilwara police foot parade accusedजितेंद्र उर्फ बिट्टू हरदासानी गिरफ्तारीNathdwara Sarai Navin Sabnani arrestBhilwara City Kotwali gang rape case updateRajasthan police foot parade gang rape threat caseभीलवाड़ा कोर्ट बयान बदलवाने धमकी केसBhilwara gang rape compromise affidavit recovery

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
