अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को मांडल के सत्य पैलेस में जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (ग्रामीण) द्वारा 'संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ' अभियान के अंतर्गत एक विशाल जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें सत्तापक्ष के खिलाफ कड़ा शक्ति प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामलाल जाट के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में राज्य सरकार द्वारा पंचायती राज एवं निकाय चुनाव समय पर नहीं कराए जाने के निर्णय को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रामलाल जाट ने तीखे प्रहार किए और कहा कि पंचायती राज लोकतंत्र की बुनियादी इकाई है, जिसे जानबूझकर रोकना न केवल असंवैधानिक कृत्य है, बल्कि यह ग्रामीण एवं शहरी जनता के मौलिक अधिकारों का खुला हनन भी है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी इस प्रशासनिक तानाशाही के विरुद्ध चुप नहीं बैठेगी और बूथ स्तर तक निर्णायक आंदोलन छेड़ा जाएगा।

संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं पूर्व मंत्री नसीम अख्तर ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में संविधान की रक्षा के लिए संगठन का सशक्त होना अनिवार्य है, अतः प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराए। सम्मेलन में आगामी कार्ययोजना के तहत रणनीति तैयार की गई, जिसमें लंबित पंचायती राज और निकाय चुनावों को तत्काल कराने हेतु सरकार पर चौतरफा दबाव बनाने, 'प्रत्येक बूथ - दस नए यूथ' के संकल्प के साथ संगठन को मजबूती प्रदान करने तथा ब्लॉक स्तर पर सघन जन-जागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

इस महत्वपूर्ण राजनीतिक समागम में पूर्व विधायक प्रदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ नेता राजेंद्र त्रिवेदी, ओम नरानीवाल, विभा माथुर और प्रद्युमन सिंह सहित विभिन्न अग्रिम संगठनों के जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं सैकड़ों सक्रिय कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल संचालन महेश सोनी द्वारा किया गया। सम्मेलन के समापन पर जिला अध्यक्ष रामलाल जाट ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए अभी से कमर कसने का कड़ा निर्देश देते हुए संघर्ष का बिगुल फूँक दिया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story