चित्तौड़गढ़ अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन डॉ. आई.एम. सेठिया ने कहा कि सहकारिता में स्वयं की जिम्मेदारी के अहसास का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्टाफ सदस्य बैंक की प्रगति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने ये विचार अर्बन बैंक के सभी स्टाफजनों के एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के मुख्य उद्बोधन में व्यक्त किए। डॉ. सेठिया ने कहा कि स्टाफ अपनी प्रभावी कार्यशैली से ग्राहकों का विश्वास जीते और अपने व्यक्तित्व विकास के लिए नियमित रूप से गुणों में वृद्धि की दिशा में कार्य करे।

डॉ. सेठिया ने शाखाओं के व्यवसाय की समीक्षा करते हुए स्टाफजनों से आग्रह किया कि रजत जयंती के बाद व्यवसाय वृद्धि में लंबी छलांग लगाने के लक्ष्य के साथ सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना अपनाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राहक को बैंक से जोड़ते हुए उनके आर्थिक विकास में भागीदारी निभाई जाए तथा गुणवत्तायुक्त ऋण वितरण एवं रिकवरी, छोटी बचत योजनाओं में आमजन की भागीदारी, व्यापक ग्राहक जनसंपर्क और त्वरित सेवा प्रदान करने के लिए प्रत्येक कार्य सकारात्मकता के साथ संपादित किया जाए।

बैंक के महाप्रबंधक (जनसंपर्क) जे.पी. जोशी के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम तीन सत्रों में बैंक चेयरमैन डॉ. आई.एम. सेठिया के साथ प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी और महाप्रबंधक (ऑपरेशन) दिनेश खंडेलवाल ने व्यवसाय समीक्षा में भागीदारी निभाई।

समापन सत्र में डॉ. आई.एम. सेठिया एवं निदेशक मंडल के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें उपाध्यक्ष शिव नारायण मानधना, निदेशक दिनेश सिसोदिया, राधेश्याम आमेरिया, रणजीत सिंह नाहर, वृद्धिचंद कोठारी, बालकिशन धूत, बाबर मल मीणा, कल्याणी दीक्षित, राजेश काबरा, दीप्ति सेठिया डाड, नितेश सेठिया, प्रबंधन मंडल सदस्य आदित्य सेठिया, प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी, पूर्व बैंक चेयरपर्सन विमला सेठिया, पूर्व निदेशक सुनीता सिसोदिया, प्रबंध सीए बालकिशन डाड, तेजा नाहर तथा श्रीमती मीना की उपस्थिति में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। बैठक के दौरान सभी निदेशकों ने स्टाफ के कार्यकलापों की परिचयात्मक जानकारी लेते हुए भविष्य के लिए दिशा-निर्देश दिए और कहा कि विकास टीम भावना के बिना संभव नहीं है। इसलिए प्रत्येक शाखा का स्टाफ मिलजुलकर कार्य करते हुए व्यवसाय वृद्धि सुनिश्चित करे।

बैठक के प्रारंभ में स्वागत एवं भूमिका डॉ. वंदना वजीरानी ने प्रस्तुत की। संचालन महाप्रबंधक दिनेश खंडेलवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक जे.पी. जोशी ने दिया।

इस अवसर पर बैंक चेयरमैन डॉ. आई.एम. सेठिया तथा उपस्थित निदेशक मंडल सदस्यों ने भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार दस वर्षीय निदेशक के रूप में कार्य करते हुए बैंक को दी गई सराहनीय सेवाओं के लिए बैंक उपाध्यक्ष शिव नारायण मानधना और निदेशक राधेश्याम आमेरिया का शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया। डॉ. सेठिया ने कहा कि दोनों व्यक्तित्वों ने सहकारिता और बैंकिंग क्षेत्र को गौरवशाली नेतृत्व प्रदान किया, जो अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि निदेशक राधेश्याम आमेरिया ने बैंक के प्रारंभिक पंजीयन के समय सहकारी विभाग के निरीक्षक के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसके परिणामस्वरूप चित्तौड़गढ़ में 25 वर्षीय बैंकिंग सेवाओं का इतिहास स्थापित हो सका, जो शहरवासियों के लिए गौरव का विषय है।

बैंक के महाप्रबंधक (जनसंपर्क) जे.पी. जोशी ने बताया कि बैंक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया, बैंक उपाध्यक्ष शिव नारायण मानधना, प्रबंधन मंडल अध्यक्ष दिनेश सिसोदिया, प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी तथा उपस्थित निदेशकों ने विगत आमसभा में स्वीकृत 10 प्रतिशत लाभांश की राशि अंशधारियों के खातों में हस्तांतरण अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। डॉ. सेठिया ने कहा कि बैंक स्थापना के बाद से लगातार प्रत्येक वर्ष लाभांश वितरण बैंक के लिए गौरवशाली अवसर रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story