चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार के पास 'गुरु जी की होटल' के सामने गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुए भीषण सड़क हादसे ने मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना को जन्म दिया। ट्रॉला और जोधपुर-इंदौर बस के बीच हुई दर्दनाक टक्कर में मऊ (इंदौर) निवासी विनीत गोडर वाल्मीकि की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने मृतक की जेब से मोबाइल, नकदी और उसका आईडी कार्ड चोरी कर लिया, जिससे परिजनों को करीब 10 घंटे तक हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी।

पहचान के अभाव में विनीत गोडर वाल्मीकि का शव करीब 10 घंटे तक मोर्चरी में लावारिस पड़ा रहा। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने दुर्घटना का फायदा उठाते हुए मृतक की जेब से मोबाइल, नकदी और आईडी कार्ड निकाल लिया। चोरी के बाद मोबाइल भी स्विच ऑफ कर दिया गया, जिसके कारण परिजन लगातार संपर्क करने के बावजूद उससे बात नहीं कर सके।

सुबह से ही मृतक की बहन अपने भाई को लगातार फोन लगा रही थी, लेकिन मोबाइल बंद आने से परिजनों की चिंता बढ़ती गई। करीब 10 घंटे बाद परिजनों ने ट्रेवल्स एजेंसी से संपर्क किया, तब उन्हें इस भीषण हादसे की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही मृतक की बहन गंगरार पहुंची और मोर्चरी में रखे शव की शिनाख्त अपने भाई विनीत गोडर वाल्मीकि के रूप में की।

घटना से आक्रोशित वाल्मीकि समाज के प्रमुख समाजसेवी श्री छीतर मल गेंगट, श्यामलाल बी. गारु और संपत लाल गांवरी गंगरार थाने पहुंचे तथा अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द किया, जिसके बाद शव को मऊ (इंदौर) के लिए रवाना कर दिया गया।

समाजसेवी छीतर मल गेंगट ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी मृत व्यक्ति की लाश से सामान चोरी करना मानवता पर कलंक और घोर पाप है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध माध्यमों के आधार पर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही हाईवे पर रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई, ताकि भविष्य में किसी लावारिस या दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के साथ ऐसी अमानवीय वारदात दोबारा न हो।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story