दानपुरा खदान से काम पूरा कर बाइक से घर लौट रहे 31 वर्षीय देवी लाल मीणा की राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सड़क हादसे में मौत हो गई। किशन निवास चौराहे के पास एक बेकाबू कंटेनर ने बाइक को पीछे से कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही देवी लाल ने दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

ओना (शक्करगढ़) निवासी देवी लाल पिछले आठ महीनों से बिजौलिया क्षेत्र में मजदूरी कर अपने परिवार का गुजर-बसर कर रहे थे। उनके निधन से उनकी पत्नी के साथ दो छोटे बेटों और एक मासूम बेटी के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।

घटना की सूचना मिलने पर बिजौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। रविवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश में जांच तेज कर दी गई है। हादसे ने मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे एक पिता को हमेशा के लिए परिवार से छीन लिया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story