ड्रग्स फैक्ट्री पर चला बुलडोजर: बिजौलिया में करोड़ों की एमडी ड्रग्स निर्माण इकाई ध्वस्त, नशा तस्करों में मचा हड़कंप
बिजौलिया के चंपापुर क्षेत्र में करोड़ों रुपये की एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की जांच में सामने आए कई चौंकाने वाले तथ्य अब पूरे मामले को और गंभीर बना रहे हैं।

बिजौलिया के चंपापुर गांव में शनिवार को भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की मौजूदगी में अवैध एमडी ड्रग्स निर्माण इकाई के पक्के निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।
नशे के कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए बिजौलिया क्षेत्र के चंपापुर गांव की पहाड़ियों में संचालित अवैध एमडी ड्रग्स निर्माण इकाई को ध्वस्त कर दिया। शनिवार को भारी पुलिस जाब्ते और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई कर उस अवैध फार्म हाउस को जमींदोज कर दिया गया, जहां कथित रूप से मादक पदार्थों का निर्माण किया जा रहा था।
प्रशासन ने राजस्व विभाग की जांच रिपोर्ट और मौका पर्चा के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारियों के साथ गिरदावर, पटवारी, पुलिस बल तथा इस पूरे मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कांस्या चौकी प्रभारी नरेश सुखवाल भी मौके पर मौजूद रहे।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व बिजौलिया पुलिस ने चंपापुर की पहाड़ियों में संचालित इस अवैध ड्रग्स निर्माण केंद्र का पर्दाफाश किया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से 36 किलोग्राम एमडीएमए ड्रग्स, 155 लीटर एमएम केमिकल, 30 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड तथा 8.50 किलोग्राम कास्टिक सोडा बरामद किया गया था। बरामद सामग्री की कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई थी।
मामले की जांच में सामने आया कि जिस भूमि पर यह अवैध गतिविधि संचालित हो रही थी, वह गुढ़ा निवासी एक राजपूत परिवार के नौ खातेदारों के नाम दर्ज है। जांच के अनुसार भंवर बंजारा नामक व्यक्ति द्वारा भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कराया गया था। बाद में यह परिसर कथित रूप से 7,000 रुपये प्रतिमाह के किराए पर ड्रग्स तस्करों को उपलब्ध कराया गया।
इस मामले में पुलिस अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज चुकी है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय रहते की गई इस कार्रवाई से बड़े स्तर पर मादक पदार्थों की आपूर्ति की संभावनाओं पर रोक लगी है। अवैध ड्रग्स निर्माण केंद्र के ध्वस्तीकरण के साथ प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों और अवैध कारोबार से जुड़े तत्वों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
