भरतपुर जिले के ऐतिहासिक भुसावर कस्बे में आगामी 26 मार्च गुरुवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, वहीं दूसरी ओर भीलवाड़ा में संत शिरोमणि सेनजी महाराज की 726वीं जयंती को लेकर समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

भुसावर: कोठी वाले हनुमानजी मन्दिर में उमड़ेगी आस्था

ऐतिहासिक भुसावर कस्बे के हिंडौन सड़क मार्ग स्थित जन जन की आस्था के प्रतीक प्राचीन कोठी वाले हनुमानजी मन्दिर परिसर में श्री राम जन्मोत्सव रामनवमी महोत्सव पर्व आगामी 26 मार्च गुरुवार को धूमधाम एवं हर्षोल्लास पूर्वक श्रद्धा और भक्ति भाव से भक्त मण्डल के संयुक्त तत्वावधान एवं कोठी वाले हनुमानजी की कृपा से मनाया जाएगा। जहाँ कोठी वाले हनुमानजी मन्दिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिसकी तैयारियों को लेकर श्रद्धालु सनातन धर्म प्रेमी अपनी हाजिरी लगाने को तैयार हो चुका है। मन्दिर के पुजारी रोहित शर्मा डव्वू जती ने जानकारी देते हुए बताया कि "कस्बे के प्रमुख मन्दिरों में शामिल आस्था के प्रतीक प्राचीन कोठी वाले हनुमानजी मन्दिर परिसर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 मार्च गुरुवार को रामनवमी महोत्सव का आयोजन भक्त मण्डल के संयुक्त तत्वावधान किया जाएगा।"

मनमोहक झांकियां और शोभायात्रा का होगा आयोजन

कार्यक्रम के अनुसार सुबह 09 बजे विश्व शांति एवं मानव कल्याण की भावना को लेकर श्रद्धालुओं द्वारा आहुतियां प्रदान की जाएगी। वहीं दोपहर 12 बजे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न का जन्मोत्सव मनाते हुए दोपहर 03 बजे महिला श्रद्धालुओं द्वारा हरिनाम संकीर्तन कर ढोलक झांझ मजीरा की थाप पर भजनों के माध्यम से भगवान को रिझाते हुए नृत्य कर अपनी हाजिरी लगाईं जाएगी। देर सायं काल 04 बजे भगवान श्री राम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बैण्ड बाजों के साथ लगभग एक दर्जन मनमोहक आकर्षक सजीव झांकियो के साथ शोभायात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर निकाली जाएंगी। रामनवमी महोत्सव शोभा यात्रा का समापन महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ किया जाएगा। समस्त श्रद्धालु और सनातन धर्म प्रेमी अपनी हाजिरी लगाकर भगवान से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं क्षेत्र में खुशहाली की मनोकामनाएं पूर्ण होने के साथ भगवान श्री राम जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेंगे।

भीलवाड़ा: सेन क्षौरकार वेलफेयर सोसायटी द्वारा जयंती की रूपरेखा तैयार

सेन क्षौरकार वेलफेयर सोसायटी, भीलवाड़ा द्वारा आगामी सेन जयंती महोत्सव 2026 (संत श्री शिरोमणि सेनजी महाराज की 726वीं जयंती) के उपलक्ष्य में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक आज दिनांक 19 मार्च 2026 को श्री मुरलीधर सेन जी महाराज मंदिर में सम्पन्न हुई, जिसमें समाज के प्रबुद्ध जनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अध्यक्ष गोविन्द सेन ने बताया कि "जयंती को भव्य रूप देने तथा समाज की प्रत्येक संस्था को एक झाझम पर आकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाजसेवी सभी संस्थाओं को आमंत्रित किया जायेगा।" जयंती महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष कमेटियों और टीमों का गठन किया जायेगा। सभी मण्डल अध्यक्षों को घर-घर जाकर समाज बंधुओं को आमंत्रित करने और कार्यक्रम में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

14 अप्रैल को नगर निगम टाउन हॉल में होगा मुख्य समारोह

बैठक की अध्यक्षता संस्थापक श्री लादू लाल सेन द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि 726वां सेन जयंती मुख्य समारोह 14 अप्रैल (मंगलवार) को नगर निगम टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा। बैठक में सचिव जितेन्द्र सेन, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सेन, संयोजक राजेश सेन, संरक्षक भैरूलाल सेन व जसराज सेन, मण्डल अध्यक्ष संजय सेन, दिनेश सेन, किशन सेन, प्रवीण सेन, पवन सेन, बबलू सेन, महावीर सेन, ईश्वर सेन, महेंद्र सेन, जगदीश भटेड़ा, रतन सेन, राजकुमार सेन, दीपेश सेन, दीपक सेन, प्रकाश सेन, कैलाश टुकड़वाल सहित समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story