भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब न तो उन्हें दिन के उजाले का डर रहा है और न ही पुलिस की मौजूदगी का खौफ। पिछले कुछ दिनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई डकैती, लूट और हमले की वारदातों ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के बीचों-बीच एक व्यापारी के साथ हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लूटी गई राशि का कुछ हिस्सा और स्कूटी बरामद कर ली है, लेकिन अन्य घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा रखी है।

कोतवाली पुलिस ने गुटखा व्यापारी नारायण दास सिंधी के साथ हुई डकैती के मामले में मास्टरमाइंड मोहित सिंह पुत्र अजयपाल सिंह राजपूत निवासी आशानगर ईरांस सहित उसके साथियों काना उर्फ कन्हैयालाल, विक्रम उर्फ विक्की, राजू नायक और किशन रेगर को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस की इस कार्रवाई में मुख्यमंत्री आवास योजना के एक किराये के कमरे से 90 हजार रुपये की नकदी और व्यापारी की स्कूटी बरामद हुई है। शेष 3 लाख 10 हजार रुपये की बरामदगी के लिए पुलिस अब भी कड़े प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि 12 जनवरी की रात को जब नारायण दास अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तब इन बदमाशों ने घात लगाकर उन पर हमला किया और नकदी से भरी स्कूटी छीनकर फरार हो गए थे।

इसी बीच, आसींद थाना क्षेत्र के ब्राह्मणों की सरेड़ी गांव में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया जहाँ चोरों ने माया सिरोठा के सूने मकान को निशाना बनाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कालुराम बागरिया, महावीर, रामस्वरूप और मदन बागरिया को गिरफ्तार कर चोरी की गई 30 हजार रुपये की शत-प्रतिशत राशि बरामद कर ली। हालांकि, रायला थाना क्षेत्र की घटना ने पुलिस की गश्त व्यवस्था की पोल खोल दी है, जहाँ थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर प्रभूलाल सुवालका के मकान से चोरों ने मात्र 45 मिनट के भीतर ढाई लाख रुपये नकद और लाखों के जेवरात पार कर दिए।

अपराध का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। फुलिया कलां थाना क्षेत्र में एक महिला की अस्मत पर हाथ डालने की कोशिश और विरोध करने पर खूनी संघर्ष की खबर ने जिले को झकझोर दिया है। लाल सिंह, खान सिंह और उनके साथियों ने न सिर्फ महिला से अभद्रता की, बल्कि बचाने आए उसके पति रामप्रसाद, हीरालाल, भगवान, अशोक और दीपक पर कुल्हाड़ी व तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया। इन घटनाओं के बीच बिजौलियां में बीमारी से तंग आकर मदन लाल रैगर द्वारा आत्महत्या और बीगोद मार्ग पर एक सड़क हादसे में गोपाल की दुखद मौत ने जिले में शोक की लहर फैला दी है। भीलवाड़ा में बढ़ती ये आपराधिक घटनाएं अब आम जनजीवन की सुरक्षा पर एक बड़ा प्रश्नचिन्ह लगा रही हैं।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story