भीलवाड़ा में 37 वर्षीय कमलसिंह दरोगा की हत्या के बाद परिजनों का आक्रोश सामने आया। हत्यारों की गिरफ्तारी और पुलिस की कथित लापरवाही के विरोध में परिजन और रावणा राजपूत समाज के लोग करीब 24 घंटे तक जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे रहे। सर्द रात में भी वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम नहीं कराने और शव नहीं लेने का निर्णय लिया था। शनिवार सुबह प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद सहमति बनी, जिसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

कमलसिंह 24 नवंबर को रोजमर्रा की तरह घर से निकले थे, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे। खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले कमलसिंह की हत्या की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मालोला गांव के जंगल और खेत की मेड़ के पास उनका क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

शुक्रवार सुबह मालोला के जंगल और खेत की मेड़ के पास शव पड़े होने की सूचना मिली। इस पर गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कासोटिया, एएसआई सुनील शर्मा और नारायण लाल शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मालोला निवासी कमलसिंह दरोगा (37) का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला।

प्रारंभिक आशंका जताई गई कि धारदार हथियार या कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या की गई। शव खेत में पड़े रहने के दौरान जंगली जानवरों ने उनका चेहरा और एक हाथ नोच लिया था। घटनास्थल पर शव की हालत देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया।

परिजनों के अनुसार, कमलसिंह खेतीबाड़ी कर परिवार का जीवनयापन करते थे। वे 24 नवंबर को सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच घर से निकले थे। दोपहर करीब एक बजे उनका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार परिजनों ने गांधीनगर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

परिजनों और समाजजनों का आरोप है कि गुरुवार को आरोपियों ने कमलसिंह की बाइक उनके खेत पर छोड़ दी थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 से 11:30 बजे खेत की मेड़ पर उनका शव मिला।

पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल, गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम से इनकार

हत्या के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजन और रावणा राजपूत समाज के लोग धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि जब तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा और शव भी नहीं लिया जाएगा। धीरे-धीरे मोर्चरी के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। रात होने के साथ ठंड बढ़ती रही, लेकिन परिजन और समाजजन धरने पर डटे रहे।

धरने के दौरान रावणा राजपूत समाज के जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि कमलसिंह शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी किसी से दुश्मनी या विवाद नहीं था।

समाज और परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग दोहराते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक मोर्चरी के बाहर धरना जारी रहा। करीब 24 घंटे तक परिजन और समाजजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।

तहसीलदार और थाना प्रभारी की समझाइश के बाद बनी सहमति

शनिवार सुबह तहसीलदार दिनेश कुमार और गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कासौटिया ने परिजनों और समाजजनों से एक बार फिर समझाइश की। नियमानुसार कार्रवाई के आश्वासन के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

कमलसिंह का शव अब अंतिम विदाई के लिए घर पहुंच गया है। उनकी तलाश में परिजन थाने के दरवाजे खटखटाते रहे, लेकिन अंत में उन्हें उनका शव मिला। अब परिवार की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्यारों की तलाश की जा रही है। फिलहाल कमलसिंह की हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा नहीं हुआ है। परिजनों को अब आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में न्याय मिलने का इंतजार है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story