पैसों के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़: युवक का अपहरण, निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा, 5 लाख की फिरौती मांगने का आरोप
भीलवाड़ा में पैसों के लेनदेन का विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया। युवक के अपहरण, निर्वस्त्र कर मारपीट, अश्लील वीडियो बनाने और 5 लाख की फिरौती मांगने के आरोप से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में जुटी है।

भीलवाड़ा में युवक के अपहरण, मारपीट और फिरौती मांगने के मामले में पुलिस पीड़ित मोहम्मद वसीम मंसूरी के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी है।
शहर में पैसों के लेनदेन को लेकर एक युवक के कथित अपहरण, बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने और परिजनों से फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने युवक को अगवा कर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया, उसे निर्वस्त्र कर अश्लील वीडियो बनाया तथा परिजनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपए की मांग की। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
आदर्श नगर निवासी मोहम्मद वसीम मंसूरी ने बताया कि वह अजमेर में था, जहां मंगलवार को उसकी मुलाकात समीर नामक व्यक्ति से हुई। वसीम के अनुसार दोनों के बीच पूर्व में कुछ रुपयों का लेनदेन हुआ था। समीर ने उसे भीलवाड़ा चलकर हिसाब-किताब निपटाने की बात कही और अपने मित्र लकी की स्विफ्ट कार में साथ ले गया। बाद में उसने वसीम को दिल्ली चलने के लिए भी राजी कर लिया।
पीड़ित के अनुसार दिल्ली से लौटते समय 18 जून की शाम गुलाबपुरा के निकट गाड़ी रोकी गई। वहां पहले से मौजूद ‘लॉटरी’ नामक व्यक्ति और उसके साथियों ने उसे जबरन दूसरी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उसे गुलाबपुरा से अगवा कर गंगापुर क्षेत्र के खेतों में ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित रूप से लाठी-डंडों, कांटों और पत्थरों से बेरहमी से मारपीट की गई।
वसीम ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे निर्वस्त्र कर उसका वीडियो भी बनाया गया। आरोपियों ने उससे कहा कि पहले वह उनसे 3 लाख रुपए मांग रहा था, लेकिन अब उन्हें उससे 5 लाख रुपए चाहिए। इस दौरान उसकी जेब में रखी नकदी और आईफोन 15 प्रो मैक्स भी छीन लिया गया।
पीड़ित के मुताबिक इसके बाद उसे कच्ची बस्ती स्थित एक मकान में ले जाया गया, जहां शाम करीब 6 बजे से रात 10 बजे तक लगातार मारपीट की गई। आरोप है कि बदमाशों ने उसके परिजनों को फोन कर 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी और चेतावनी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा तथा घर पर फायरिंग करवाई जाएगी।
वसीम ने बताया कि अगले दिन शाम करीब 6 बजे आरोपियों ने उसे बाईपास के पास छोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में वह किसी तरह रेंगते हुए रात करीब 11 बजे अपने घर पहुंचा। दर्द से कराहने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित ने लॉटरी, आसिफ, हमीद और मुख्य आरोपी समीर सहित अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अपहरण, मारपीट, लूट और फिरौती से जुड़े इस प्रकरण ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है तथा कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
