भीलवाड़ा जिले के आलोली गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब ससुराल में ठहरे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार मृतक राजू (25) पुत्र सरमा कंजर, निवासी जवासिया (हमीरगढ़), अपने ससुराल आलोली में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। वह पिछले पांच दिनों से अपनी पत्नी सीमा के साथ ससुराल में ही रह रहा था। गुरुवार शाम को उसकी पत्नी सीमा ने बताया कि वह नहाने गई थी। जब वह वापस लौटी, तो उसने राजू को कमरे में लोहे के पाइप पर साड़ी के फंदे से लटका हुआ पाया। सीमा ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही गंगापुर थाने से सहायक उप निरीक्षक जोगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गंगापुर अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों का खुलासा शुक्रवार सुबह होने वाले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

राजू अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी के माहौल के बीच हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का वातावरण है। परिजन स्तब्ध हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि इस घटना ने चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story