भीलवाड़ा के प्रताप नगर थाना क्षेत्र के पुर रोड इलाके में देह व्यापार की शिकायत दर्ज कराने से नाराज कुछ लोगों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने प्रताप नगर थाना अधिकारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसी बीच जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से 21 पुलिस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश भी जारी किए गए हैं।

पीड़ित नरेश रेगर पुत्र मांगीराम रेगर निवासी गणेश नगर, रीको पुर रोड ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले के निवासियों ने मिलकर देह व्यापार के एक मामले को लेकर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। आरोप है कि इसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर हमला किया।

शिकायत के अनुसार, नरेश रेगर की राधो नगर के सामने अंडे की दुकान है। वहां अचानक मुख्य आरोपी रतन लाल, उसके यहां काम करने वाले प्यारा और दो अन्य अज्ञात युवक धारदार तलवार और लाठियों से लैस होकर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान नरेश रेगर अपनी जान बचाने के लिए दुकान से दौड़ पड़ा, जबकि हमलावर हथियार लहराते हुए मुख्य मार्ग पर काफी दूर तक उसका पीछा करते रहे। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर प्रताप नगर थाने पहुंचा और मामले की लिखित रिपोर्ट दी। घटना के बाद से पीड़ित और उसके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने पीड़ित नरेश रेगर, कमलेश मेवाड़ा और अन्य मोहल्लेवासियों की मौजूदगी में शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इसी दौरान भीलवाड़ा जिले में कानून-व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा लाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक सागर ने 21 पुलिस निरीक्षकों और उप निरीक्षकों के तबादले एवं पदस्थापन के आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत जिले के कई थानों के थानाधिकारियों को बदला गया है।

एसपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस निरीक्षक मेघना त्रिपाठी को साइबर थाना, लोकपाल सिंह को सदर थाना, पुरण मल मीणा को मंगरोप थाना, राजकुमार नायक को माण्डलगढ़ थाना, राजेन्द्र सिंह को गंगापुर थाना, प्रहलाद सहाय को रायपुर थाना, रामसरन को कारोई थाना, गजेन्द्र सिंह नरुका को माण्डल थाना, दयाराम को करेड़ा थाना, लीलाधर मालवीय को शाहपुरा थाना, मुलचन्द को बनेड़ा थाना, दिनेश कुमार को फुलियाकला थाना, गजेन्द्र सिंह राठौड़ को कोटड़ी थाना, मानवेन्द्र सिंह को जहाजपुर थाना, ओमप्रकाश कासनिया को पंडेर थाना, घनश्याम मीणा को रायला थाना, रोहिताश यादव को शम्भुगढ़ थाना, मालीराम को अपराध सहायक तथा नरेश कुमार को काछोला थाना का थानाधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसी आदेश के तहत दो उप निरीक्षकों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। बछराज चौधरी को बागोर थाना तथा कमलेश कुमार मीणा को बड़लियास थाना का थानाधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों पर कार्यभार संभालने और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इस बड़े फेरबदल से जिले में लंबित मामलों के निस्तारण और अपराध नियंत्रण की दिशा में तेजी आएगी।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story