भीलवाड़ा: बड़लियास में युवक के हाथ-पैर तोड़े, परिवार को बंदूक से दी धमकी
हाजीपुरा गाँव में दबंगों ने कैलाश रेगर को रास्ते में रोककर लोहे की टामियों से पीटा और घायल अवस्था में उसके घर के बाहर फेंककर फरार हो गए।

भीलवाड़ा। जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र के हाजीपुरा गाँव में दबंगई और हिंसा का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक को साजिश के तहत रास्ते में रोककर लोहे की टामियों और लाठियों से इस कदर पीटा गया कि वह अधमरा हो गया। हमलावरों ने न केवल युवक के हाथ-पैर तोड़ दिए, बल्कि पीड़ित परिवार को जातिसूचक गालियाँ देते हुए बंदूक से खत्म करने की धमकी भी दी है।
साजिश रचकर रास्ते में घेरा, स्कार्पियो से आए थे हमलावर
पीड़िता माया देवी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार शाम करीब 7-8 बजे कालू उर्फ अरविंद ओझा ने उनके पति कैलाश रेगर को फोन कर सवाईपुर बुलाया। जैसे ही कैलाश अपनी बाइक से कुड़ी-हाजीपुरा मार्ग पर पहुँचे, पहले से घात लगाकर बैठी एक स्कार्पियो गाड़ी ने उनका रास्ता रोक लिया।
लोहे की टामियों से किया वार, चीखते रहे हमलावर— "आज इसे खत्म करना है"
गाड़ी से उतरे पवन, सत्यनारायण, कालू और दो महिलाओं सहित अन्य लोगों ने कैलाश पर हमला बोल दिया। रिपोर्ट के अनुसार लोहे की टामियों और लकड़ियों से पीट-पीटकर कैलाश के हाथ-पैर तोड़ दिए गए। हमलावरों ने पीड़ित युवक की मोटरसाइकिल को भी पूरी तरह तोड़ दिया। आरोप है कि उसकी बाइक भी वहां नहीं मिली है।
पीड़ित को अधमरा कर घर के बाहर फेंका
जब कैलाश बेहोश हो गया, तो आरोपी उसे उठाकर हाथीपुरा स्थित उसके घर के बाहर फेंक कर फरार हो गए। हमलावर पीड़ित के घर के बाहर भी नहीं रुके। माया देवी का आरोप है कि आरोपियों ने पूरे परिवार को जातिगत अपमानित किया और चिल्लाकर कहा— "बाहर निकलो, तुम्हें भी इस बंदूक से यहीं ढेर कर देंगे।"
जातिसूचक गालियाँ और 'गन' कल्चर का खौफ
घटना के बाद से पूरे गाँव और पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। हमलावरों की क्रूरता और खुलेआम दी गई जान से मारने की धमकी ने स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
