भीलवाड़ा में योग निद्रा अभ्यास शिविर आयोजित, मानसिक तनाव होगा दूर
श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास द्वारा आयोजित शिविर में मुख्य प्रशिक्षक गोविंद प्रसाद सोढानी ने साधकों को सुचारू रक्त संचार और मानसिक शांति के गुर सिखाए।

भीलवाड़ा में आयोजित योग शिविर में प्रशिक्षक के साथ योगासन का अभ्यास करते स्थानीय साधक।
श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास, काशिपुरी, महेश कॉलोनी, भीलवाड़ा द्वारा आयोजित नियमित योग प्रशिक्षण शिविर में शनिवार को जोड़ों के सूक्ष्म व्यायाम के पश्चात साधकों को विशेष रूप से योग निद्रा का गहन अभ्यास कराया गया। शिविर में मुख्य योग प्रशिक्षक श्री गोविंद प्रसाद सोढानी ने अपनी सुमधुर एवं मार्गदर्शक वाणी से उपस्थित सभी शिविरार्थियों की चेतना को जागृत करते हुए सकारात्मकता का संकल्प दिलाया तथा योग निद्रा का अभ्यास प्रभावी ढंग से संपन्न कराया।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक गोविंद प्रसाद सोढानी ने योग निद्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली में स्वस्थ शरीर और शांत मन के लिए योग निद्रा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि योग निद्रा का नियमित अभ्यास शारीरिक और मानसिक थकान को दूर करने में प्रभावी है। मात्र कुछ मिनटों का अभ्यास घंटों की गहरी नींद के समान ऊर्जा और विश्राम प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि योग निद्रा मस्तिष्क की तरंगों को शांत कर मानसिक तनाव, चिंता तथा अनिद्रा जैसी समस्याओं को कम करने में सहायक होती है। अभ्यास के दौरान प्रशिक्षक के निर्देशों के अनुसार शरीर के प्रत्येक अंग के प्रति सजगता विकसित होती है, जिससे आंतरिक चेतना और एकाग्रता का विकास होता है।
गोविंद प्रसाद सोढानी ने बताया कि योग निद्रा के प्रारंभ और समापन पर लिया गया सात्विक संकल्प सीधे अवचेतन मन में स्थापित होता है, जिससे व्यक्ति की संकल्प शक्ति और आत्मबल में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि इसके नियमित अभ्यास से शरीर में रक्त संचार सुचारू रहता है, रक्तचाप संतुलित रखने में सहायता मिलती है तथा हृदय स्वास्थ्य को भी लाभ पहुंचता है। साथ ही मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन की अनुभूति होती है।
शिविर के समापन पर सभी उपस्थित शिविरार्थियों ने योग निद्रा से प्राप्त मानसिक सुकून और सकारात्मक अनुभव की सराहना की। आयोजन ने स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन और योग के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
