भीलवाड़ा के पहलवान सूर्या वैष्णव का अंडर-17 कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप के लिए चयन
लखनऊ के साई सेंटर में आयोजित ट्रायल में प्रथम स्थान हासिल कर सूर्या ने 80 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग में बनाई जगह, दक्षिण अफ्रीका में करेंगे देश का प्रतिनिधित्व।

भीलवाड़ा के पहलवान सूर्या वैष्णव ने लखनऊ में कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप चयन ट्रायल में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
भीलवाड़ा के पहलवान सूर्या वैष्णव ने कुश्ती के मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर हासिल किया है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित साई सेंटर में 6 नवंबर को कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप के लिए आयोजित भारतीय टीम की चयन ट्रायल में प्रथम स्थान प्राप्त कर सूर्या ने भारतीय टीम में जगह बनाई है। वह भीलवाड़ा की केसरी नंदन व्यायामशाला के पहलवान हैं।
भीलवाड़ा के अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षक जगदीश जाट ने बताया कि सूर्या वैष्णव का चयन ग्रीको रोमन स्टाइल के 80 किलोग्राम भार वर्ग में अंडर-17 वर्ष कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप के लिए हुआ है। चयन ट्रायल में सूर्या ने अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर पहला स्थान हासिल किया और भारतीय टीम का हिस्सा बने। यह चैंपियनशिप 4 से 6 दिसंबर 2026 तक दक्षिण अफ्रीका के पोलोकवाने में आयोजित होगी।
प्रशिक्षक जगदीश जाट ने बताया कि चयन ट्रायल से पहले सूर्या वैष्णव ने गोंडा में आयोजित अखिल भारतीय रैंकिंग सीरीज कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। इस प्रतियोगिता की सीरीज में प्रथम स्थान प्राप्त करने के आधार पर ही सूर्या को कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप की भारतीय टीम की चयन ट्रायल में शामिल होने का अवसर मिला था। उन्होंने बताया कि सूर्या वैष्णव भीलवाड़ा के एकमात्र पहलवान हैं, जिन्होंने कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाई है।
सूर्या के भारतीय टीम में चयन पर राजस्थान कुश्ती संघ के प्रधान राजीव दत्ता और महासचिव उम्मेद सिंह झांझरिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पहलवान सूर्या वैष्णव, उनके प्रशिक्षक जगदीश जाट तथा भारतीय टीम के चीफ कोच हरगोविंद सिंह और गुरप्रीत सिंह (फरीदकोट) को बधाई दी।
इस उपलब्धि पर केसरी नंदन व्यायामशाला के संरक्षक राधेश्याम जी बहेड़िया, अध्यक्ष सुवालाल जी जाट, सचिव अरुण कुमार शर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक, कोषाध्यक्ष महेश पांडे, डिप्टी सीटीआई रतनलाल जाट (भारतीय रेलवे), कुश कुमार, छोटू लाल माली, अनिल शर्मा, विष्णु पहलवान, शंकर जाट, पीयूष शर्मा, प्रदीप, राहुल, व्यायामशाला के सह प्रशिक्षक मुकेश और नवीन कुमार सहित व्यायामशाला के सभी पहलवानों ने सूर्या वैष्णव और कुश्ती प्रशिक्षक जगदीश जाट को बधाई दी।
लखनऊ में चयन ट्रायल में शीर्ष स्थान हासिल कर भारतीय टीम में जगह बनाने वाले सूर्या वैष्णव अब दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के पोलोकवाने में होने वाली अंडर-17 कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
