भीलवाड़ा जिले के कनेछनकलां गांव में घर में अकेली महिला की गला घोंटकर हत्या कर दिए जाने की सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। बदमाश, कत्ल कर महिला के पहने सोने चांदी के गहने भी लूट ले गए।

रात जागरण से लौटने के बाद हुई वारदात

पुलिस के अनुसार कनेछनकलां निवासी बसंती 45 पत्नी मोहनलाल बैरवा शनिवार रात गांव में आयोजित रात्रि जागरण में गई थी और करीब एक बजे घर लौटी। इसके बाद बदमाश घर में घुस आए और अकेली होने का फायदा उठाकर उस पर हमला कर दिया।

गला दबाकर हत्या और जेवरात की लूट आरोप है कि बदमाशों ने बसंती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बदमाशों ने उसके पहने "मांदलिया, रामनामी, झुमरियां, नथ सहित अन्य जेवरात लूट लिए।
" वारदात के बाद शव को तीन कंबलों से ढंककर आरोपी फरार हो गए। शाम को सास के आने पर खुला राज

बसंती का पति, बेटा, पुत्रवधु और सास भीलवाड़ा में मजदूरी करते हैं जबकि बसंती गांव में घर की देखभाल के लिए रहती थी। रविवार देर शाम सास जब गांव स्थित मकान पहुंची तो ताला लगा मिला। चाबी नहीं मिलने पर परिवार की एक लडक़ी से पूछताछ की गई, जिसके पास चाबी मिली। ताला खोलकर अंदर जाने पर बसंती कंबलों में ढंकी हुई मिली। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। कंबल हटाने पर गले पर निशान पाए गए और जेवरात गायब थे।

नौकरी और मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन

घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने मृतका के आश्रित को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे पोस्टमार्टम नहीं हो सका। सोमवार को डीएसपी शाहपुरा, थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह और तहसीलदार फूलियाकलां ने लोगों से समझाइश कर मामला शांत कराया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर सोमवार दोपहर शव परिजनों को सौंपा गया।

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

बसंती के बेटे रामकुमार की रिपोर्ट पर फूलियाकलां थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आसपास के सीसी टीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सभी एंगल से जांच जारी है।

खारी नदी में ग्रामीणों का हंगामा और तोडफ़ोड़

फूलियाकलां क्षेत्र में खारी नदी पर सोमवार को तीन गांवों के ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ढाई सौ से तीन सौ लोगों की भीड़ ने नदी पर बने रॉयल्टी नाके में तोडफ़ोड़ कर दी और बजरी खनन पूरी तरह बंद कराने की मांग पर अड़ गए। हालात बिगड़ते देख फूलियाकलां, गुलाबपुरा सहित अन्य थानों से पुलिस जाब्ता मौके पर बुलाया गया।

रॉयल्टी नाके पर धावा और नुकसान कस्बे के केकड़ी रोड स्थित खारी नदी में रॉयल्टी ठेकेदार द्वारा बजरी खनन किया जा रहा है। फूलियाकलां, गणपतियाखेड़ा और सणगारी गांवों के लोग सोमवार सुबह करीब ग्यारह से बारह बजे नदी पर पहुंचे। ग्रामीणों ने नाके पर लगी सोलर प्लेटें, सीमेंट के खंभे और कंप्यूटर उपकरण तोड़ दिए। प्रशासन की समझाइश और ग्रामीणों के आरोप

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी शाहपुरा ओमप्रकाश, फूलियाकलां तहसीलदार और थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के साथ गुलाबपुरा सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप था कि "खारी नदी में बिना लीज के अवैध रूप से बजरी निकाली जा रही है।" इस पर तहसीलदार ने नदी में लीज होना बताया।

ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि खनन से उनके कुएं सूख रहे हैं और वे किसी भी हालत में बजरी का दोहन नहीं होने देंगे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ समझाइश की। समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story