राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में स्थित पंडेर थाना क्षेत्र के ओडिया खेड़ा गांव में आज तड़के मानवता को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ नशे में धुत एक युवक ने घर के बरामदे में सो रही एक महिला के गले से जेवर लूटने की नीयत से उस पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान महिला के जाग जाने पर दोनों के बीच हुए भीषण संघर्ष में महिला का गला कट गया और वह लहूलुहान हो गई, वहीं ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोचकर रस्सी से बांध दिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिया खेड़ा निवासी 40 वर्षीया बादाम पत्नी रामनिवास मीणा बुधवार तड़के अपने घर के बाहर बरामदे में सो रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे छाबड़िया निवासी आरोपी बबलू मीणा अत्यधिक नशे की हालत में घर की सीमा में प्रवेश कर गया। आरोपी ने महिला के गले में पहने सोने के मांदलिए को लूटने के उद्देश्य से उसे कैंची से काटने का प्रयास किया। जैसे ही बादाम के गले पर कैंची चली, उसकी नींद खुल गई और उसने अदम्य साहस दिखाते हुए लुटेरे को पकड़ लिया। इस दौरान हुई गुत्थमगुत्था और संघर्ष में महिला के गले पर कैंची के गहरे जख्म होने से वह खून से लथपथ हो गई, जबकि छीना-झपटी में आरोपी बबलू का पैर भी कैंची लगने से जख्मी हो गया।

महिला के शोर मचाने पर तुरंत परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए, जिन्होंने खून से सने आरोपी बबलू मीणा को भागने से पहले ही पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर पंडेर थाना पुलिस को सूचित किया। गंभीर रूप से घायल बादाम को तत्काल जहाजपुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के उपरांत उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे भीलवाड़ा जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि जहाजपुर थाने के छाबड़िया गांव का निवासी बबलू मीणा ओडिया खेड़ा में अपनी बहन के ससुराल आया हुआ था। नशे के आदी इस युवक ने शराब की लत को पूरा करने के लिए ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पंडेर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश और दहशत व्याप्त है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story