भीलवाड़ा: हत्या के प्रयास और अपहरण का ₹5000 का इनामी बदमाश गिरफ्तार
जिला विशेष टीम और करेड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर हत्या के प्रयास और अपहरण मामले में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी काना गुर्जर को दबोचा।

जिला पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। भीलवाड़ा की जिला विशेष टीम और करेड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ₹5,000 के इनामी फरार अपराधी काना उर्फ कन्हैया लाल गुर्जर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से करेड़ा थाने के हत्या के प्रयास के मामले और बागौर थाने के अपहरण प्रकरण में फरार चल रहा था।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सहाड़ा) बुद्धराज तथा वृत्ताधिकारी (आसीन्द) ओमप्रकाश के सुपरविजन में करेड़ा थानाधिकारी पूरण मल मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा अंजाम दी गई।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 7 फरवरी 2026 का है, जब परिवादी कन्हैया लाल गुर्जर, निवासी नाहरी, रायपुर ने करेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका भतीजा धवल कुमार गुर्जर 6 फरवरी 2026 की रात भीलवाड़ा से नाहरी लौट रहा था। देर रात होने के कारण वह केसरपुरा में अपने साढू के घर रुक गया, जहां सुबह एक झगड़ा हुआ और उसने बीच-बचाव किया।
इसके बाद धवल पैदल ही नाहरी के लिए रवाना हुआ। जालमपुरा चौराहा-छापरिया खेड़ा मोड़ के पास उसने अपने मित्र दीपक लाठी को फोन किया। दीपक ने उसे बताया कि बेमाली की ओर से जगदीश गुर्जर एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट स्विफ्ट कार लेकर आ रहा है और वह उसी वाहन में बैठ जाए। धवल ने जैसे ही वाहन को हाथ दिया, उसमें से जगदीश गुर्जर और दो अन्य अज्ञात युवक उतरे और डंडों व लोहे की सरियों से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में धवल को गंभीर चोटें आईं और उसकी हड्डियाँ फ्रैक्चर हो गईं। हमलावर उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घायल को पहले करेड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में भीलवाड़ा रेफर किया गया। इस संबंध में प्रकरण संख्या 30/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
फरार इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पारंपरिक मुखबिर तंत्र के साथ-साथ वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग किया। पुलिस ने संदिग्धों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर खंगाली और पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के संपर्कों की निगरानी की। पुख्ता सूचना के आधार पर दबिश देकर पुलिस ने वांछित इनामी अपराधी काना उर्फ कन्हैया लाल गुर्जर, पुत्र श्रवण लाल गुर्जर, निवासी सराधना का बाड़िया, करेड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में करेड़ा थानाधिकारी पूरणमल मीणा और डीएसटी भीलवाड़ा प्रभारी कन्हैयालाल के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल कालूराम धायल, कांस्टेबल राकेश (विशेष योगदान), घीसू लाल (विशेष योगदान), कन्हैया लाल, बनवारी लाल, घेवर राम और कांस्टेबल जितेंद्र सिंह शामिल रहे।
यह गिरफ्तारी भीलवाड़ा पुलिस की सतत निगरानी, समन्वित कार्रवाई और वैज्ञानिक पुलिसिंग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधी पर शिकंजा कस गया है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
