पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम में आयोजित सप्त दिवसीय श्री विष्णु-लक्ष्मी महायज्ञ का दूसरा दिन श्रद्धा, भक्ति और वैदिक अनुष्ठानों के बीच सम्पन्न हुआ। महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सान्निध्य में पहली बार आयोजित इस महायज्ञ में श्रद्धालुओं की आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। वहीं, वृन्दावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रासलीला एवं मनोहारी मयूर नृत्य ने भक्तों को भावविभोर कर दिया।

महायज्ञ के दूसरे दिन यज्ञाचार्य श्री शारदा सनातन परमार्थ न्यास के वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री के निर्देशन में 11 कुण्डीय विष्णु-लक्ष्मी महायज्ञ विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। यज्ञ में प्रत्येक वेदी पर लक्ष्मी स्वरूपा एक कन्या के साथ यजमानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ प्रारंभ होने से पूर्व आहुति देने वाली कन्याओं का विशेष पूजन भी किया गया। इस दौरान राष्ट्र कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना की गई। आयोजन समिति के अनुसार महायज्ञ 14 जून तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा।

महायज्ञ के साथ ही आश्रम परिसर में श्री राधा रासेश्वरी रासलीला मंडल, श्रीवृन्दावनधाम मथुरा द्वारा भक्तिमय रासलीला का भव्य मंचन भी शुरू हुआ। महंत बनवारीशरण काठियाबाबा की उपस्थिति में वृन्दावन से आए कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। मंचन के दौरान कंस द्वारा उग्रसेन को कारागृह में डालकर स्वयं राजा बनने तथा देवकी और वासुदेव के विवाह से संबंधित प्रसंगों ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया।

रासलीला मंडल के दामोदरदास काठियाबाबा के निर्देशन में आयोजित प्रस्तुति में कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली अभिनय क्षमता से धार्मिक कथाओं को सजीव कर दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रस्तुत मयूर नृत्य ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया और उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए। मंडल के राजू स्वामी ने बताया कि रासलीला में महिला पात्रों की भूमिका भी पुरुष कलाकार निभा रहे हैं तथा 16 सदस्यीय कलाकार दल इस प्रस्तुति में भाग ले रहा है।

रासलीला के शुभारंभ अवसर पर विशिष्ट अतिथि अशोक मेलाना, पप्पू चपलोत, नंदकिशोर सोनी, शिवराज जाट, रतनलाल जाट, राजकुमार सोनी, नवीन सोनी, भरत सोनी एवं राजू प्रजापत सहित अन्य अतिथियों ने ठाकुरजी की आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

धार्मिक आस्था, वैदिक परंपराओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अद्भुत संगम से सुसज्जित यह आयोजन न केवल श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है, बल्कि भीलवाड़ा की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान प्रदान कर रहा है। रासलीला की प्रस्तुतियां प्रतिदिन रात्रि 8 बजे आयोजित की जा रही हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखी जा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story