भीलवाड़ा विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ: महंत काठियाबाबा ने धीरेंद्र शास्त्री को दिया आमंत्रण
हनुमान टेकरी आश्रम में होने वाले सात दिवसीय अनुष्ठान के लिए बागेश्वरधाम पहुंचे महंत बनवारीशरण, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आमंत्रण स्वीकार किया।

बागेश्वर धाम में भीलवाड़ा के हनुमान टेकरी आश्रम के महंत बनवारीशरण काठियाबाबा (दाएं) ने पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाएं) से मुलाकात कर उन्हें आगामी 8 जून से आयोजित होने वाले सप्त दिवसीय विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ का निमंत्रण दिया।
धर्मनगरी भीलवाड़ा के छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम में आगामी 8 जून से एक भव्य व ऐतिहासिक सप्त दिवसीय विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ का श्रीगणेश होने जा रहा है। इस पावन अनुष्ठान को लेकर हनुमान टेकरी आश्रम के महंत बनवारीशरण काठियाबाबा ने स्वयं बागेश्वर धाम पहुंचकर वहां के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्रकृष्ण शास्त्री से विशेष मुलाकात की। महंत काठियाबाबा ने बागेश्वरधाम सरकार को पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर भीलवाड़ा शहर में पहली बार आयोजित हो रहे इस सात दिवसीय महायज्ञ में सम्मिलित होने के लिए भावभीना आमंत्रण दिया। बद्रीनाथधाम में अपना अज्ञातवास पूर्ण कर बागेश्वरधाम लौटे पंडित धीरेन्द्रकृष्ण शास्त्री का महंत बनवारीशरण ने अभिनंदन करते हुए उनके लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। बागेश्वरधाम सरकार पंडित धीरेन्द्रकृष्ण शास्त्री ने इस श्री विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ आयोजन की पूर्ण सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं और भीलवाड़ा में अतिशीघ्र एक भव्य कार्यक्रम के निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए अपनी अनुमति प्रदान कर दी। उल्लेखनीय है कि पंडित धीरेन्द्रकृष्ण शास्त्री के सानिध्य में भीलवाड़ा की धरा पर वर्ष 2024 में भी भव्य हनुमंत कथा का सफल आयोजन संपन्न हो चुका है।
इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान बागेश्वरधाम सरकार को अवगत कराया गया कि श्री हनुमान टेकरी आश्रम में महंत बनवारीशरण जी के पावन सानिध्य में निरंतर धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होती रहती है। इसी कड़ी में निकट भविष्य में एक और भव्य धार्मिक आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिसकी संपूर्ण और विस्तृत जानकारी शीघ्र ही भक्तों व आमजन के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। महंत बनवारीशरण काठियाबाबा ने तैयारियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि आश्रम परिसर में श्री विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ के इस भव्य और दिव्य आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। इस अनुष्ठान के लिए परिसर में एक भव्य 11 कुण्डीय विशाल यज्ञ मण्डप का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक साथ 44 जजमान मुख्य वेदी पर बैठकर आहुतियां प्रदान कर सकेंगे।
इस विशाल धार्मिक अनुष्ठान को शास्त्रीय विधि-विधान से संपन्न कराने के लिए यज्ञाचार्य के रूप में श्री शारदा सनातन परमार्थ न्यास के प्रख्यात वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री अपनी सेवाएं देंगे। महायज्ञ की इस पावन अवधि के दौरान जहां दिन में यज्ञ की आहुतियां गूंजेंगी, वहीं प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भक्तिपूर्ण एवं भव्य रासलीला का मंचन आश्रम परिसर में किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। पुरुषोत्तम मास के इस अत्यंत पवित्र अवसर पर भगवान श्री हरि विष्णु और माता लक्ष्मी की असीम कृपा प्राप्त करने हेतु आयोजित हो रहे इस महायज्ञ में विशेष रूप से 111 कलशों को लक्ष्मी स्रोत के मंत्रों से अभिमंत्रित एवं सिद्ध किया जाएगा। महायज्ञ की भव्य पूर्णाहुति संपन्न होने के पश्चात इन सिद्ध लक्ष्मी कलशों को मुख्य यजमानों को ससम्मान प्रदान किया जाएगा।
विशेष औषधियों और दुर्लभ जड़ी-बूटियों से युक्त हवन सामग्रियों के माध्यम से होने वाला यह महायज्ञ दसविद् लक्ष्मी प्राप्ति, ऋण मुक्ति, असाध्य रोगों के नाश तथा राष्ट्र के कल्याण एवं खुशहाली के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। अध्यात्म और लोक-कल्याण की कामना से ओतप्रोत इस महायज्ञ की भव्य पूर्णाहुति आगामी 14 जून को अत्यंत शुभ अभिजीत मुहूर्त में संपन्न की जाएगी। महायज्ञ की महाआरती के उपरांत उपस्थित समस्त भक्तों एवं श्रद्धालुओं के बीच विशाल स्तर पर महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस वृहद धार्मिक उत्सव को पूर्णतः सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए छोटी हरणी के समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों का तन-मन-धन से पूरा सहयोग आयोजन समिति को निरंतर प्राप्त हो रहा है, जिससे संपूर्ण भीलवाड़ा क्षेत्र अभी से भक्तिमय और ऊर्जामय हो उठा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
