भीलवाड़ा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा विकसित भारत जनसेवा अभियान
भीलवाड़ा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विकसित भारत जनसेवा अभियान चलेगा। अभियान में जनभागीदारी से सेवा, जागरूकता, स्वच्छता, पंजीकरण, प्रतियोगिताओं और नवाचार से जुड़ी गतिविधियां होंगी।

भीलवाड़ा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जनभागीदारी के साथ विकसित भारत जनसेवा अभियान आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न विभागों एवं जिला प्रशासन के समन्वय से जनकल्याण, सेवा और जागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियां एवं अभियान निर्धारित समयावधि में आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से आमजन और लाभार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने बुधवार को अभियान के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक ली। उन्होंने कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए नियुक्त नोडल विभागों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने नगरीय निकाय क्षेत्रों में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
अभियान के तहत 17 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे नव-लाभान्वित परिवारों द्वारा अपने घरों तथा प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक जिले के समस्त विद्यालयों में मेरे सपनों का भारत तथा विकसित राजस्थान विषय पर चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा 18 से 25 सितंबर तक ग्रामीण क्षेत्रों तथा 22 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक शहरी क्षेत्रों में नमो सेवा - अनकही कहानियां के तहत ग्राम, शहरी वार्ड एवं निकायों में प्रेरणादायी गतिविधियों का प्रसारण किया जाएगा।
25 से 27 सितंबर 2026 तक आंगन मिलन सेवा गतिविधि के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यकर्ताओं एवं आशा सहयोगिनियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा की कहानी गतिविधि के तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की रील और वीडियो तैयार कर प्रसारित की जाएगी।
7 अक्टूबर 2026 को सेवा ज्योति कलश यात्रा गतिविधि के तहत विद्यार्थी विकसित भारत के संकल्प के साथ स्लोगन, पोस्टर एवं बैनर रैली निकालेंगे। 2 अक्टूबर 2026 को सेवा मेरा योगदान गतिविधि के तहत स्वच्छता एवं सामुदायिक सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
19 से 25 सितंबर 2026 तक ग्रामीण क्षेत्रों तथा 8 से 16 अक्टूबर 2026 तक शहरी क्षेत्रों में सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा।
24 सितंबर एवं 11 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक स्थानों पर सेवा के रंग, राष्ट्र के संग गतिविधि के तहत रंगोली प्रदर्शन आयोजित होगा। 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक युवाओं को नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेन्ज आयोजित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनप्रतिनिधियों और आमजन के साथ सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत आयोजित सभी कार्यक्रमों और गतिविधियों से संबंधित फोटो, वीडियो तथा रील्स को विभागीय पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा।
जिला कलेक्टर ने नगरीय निकायों में आम चुनाव प्रक्रियाधीन होने के कारण राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत नगरीय क्षेत्रों में आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन सुश्री हरीतिमा, नगर विकास न्यास सचिव श्री गौरव रविंद्र सालुंखे, जिला परिषद सीईओ श्री चंद्रभान सिंह भाटी, नगर निगम आयुक्त श्री कमल सिंह यादव सहित संबंधित विभागों के समस्त नोडल एवं सह नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
