विजय जुलूस पर भीलवाड़ा में पूर्ण प्रतिबंध, धारा 163 लागू; उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
भीलवाड़ा में नगरीय निकाय चुनाव परिणाम के बाद विजय जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। धारा 163 के तहत उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।

भीलवाड़ा में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विजय जुलूसों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव प्रक्रिया के बीच जिले में आदर्श आचार संहिता पूरी तरह प्रभावी है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने लोक शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किया है। इसके तहत चुनाव परिणाम आने के बाद निर्वाचित सदस्यों, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ओर से किसी भी प्रकार का विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, चुनाव परिणाम के बाद होने वाली आपसी खींचतान, शांति भंग होने की आशंका और अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। आदेश भीलवाड़ा जिले के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या प्रत्याशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 223 के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्राथमिकता है। ऐसे में चुनाव परिणाम के बाद किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विजय जुलूसों पर प्रतिबंध और धारा 163 का लागू होना चुनाव परिणाम के बाद जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
