भीलवाड़ा में पहली बार 'वंदे मातरम् फुटबॉल टैलेंट सर्च प्रतियोगिता-2026' शुरू, चुने जाएंगे 18 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
भीलवाड़ा में पहली बार आयोजित 'वंदे मातरम् फुटबॉल टैलेंट सर्च प्रतियोगिता-2026' में 8 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रदर्शन के आधार पर 18 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

तस्वीर में भीलवाड़ा के खेल मैदान पर 'वंदे मातरम् फुटबॉल टैलेंट सर्च प्रतियोगिता' के दौरान पीले और नीले रंग की जर्सी पहने बच्चे मैच खेलते हुए नजर आ रहे हैं।
भीलवाड़ा में पहली बार भारत विकास परिषद, वीर शिवाजी शाखा की ओर से भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की पहल और विधायक खेल विकास योजना के समर्थन में तीन दिवसीय 'वंदे मातरम् फुटबॉल टैलेंट सर्च प्रतियोगिता-2026' का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता 19 जुलाई तक आयोजित होगी और इसका उद्देश्य भीलवाड़ा की फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन करना है।
विधायक खेल विकास योजना के संयोजक शिक्षाविद विवेक निमावत ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले की उभरती फुटबॉल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के मुख्य कोच अजीत जैन ने बताया कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ 18 खिलाड़ियों का चयन कर एक सशक्त टीम तैयार की जाएगी, जो भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व कर सके।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता आईपीएल पैटर्न पर आयोजित होगी, जिसमें 8 प्रायोजित टीमें भाग लेंगी। सभी मुकाबले प्रतिदिन शाम 5 बजे से प्रारंभ होंगे। प्रतियोगिता दो आयु वर्ग 3 से 10 वर्ष तथा 11 से 14 वर्ष में आयोजित होगी। प्रत्येक आयु वर्ग में चार-चार टीमें रहेंगी तथा प्रत्येक टीम को तीन लीग मैच खेलने का अवसर मिलेगा।
अजीत जैन ने बताया कि प्रदर्शन के आधार पर 10 आधिकारिक खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें जर्सी प्रदान की जाएगी, जो पूरे टूर्नामेंट में अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी आधिकारिक टीम में चयनित नहीं हो पाएंगे, उनके लिए भी तीनों दिन फ्रेंडली मैच आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक बच्चे को पर्याप्त खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
उन्होंने अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया। "आज का खिलाड़ी ही कल का भारत बनाएगा" की भावना के साथ आयोजित यह प्रतियोगिता भीलवाड़ा में फुटबॉल प्रतिभाओं को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
